फाइलों में अटकी सकलडीहा को नगर पंचायत बनाने की कवायद, मानक पूरे फिर भी नहीं मिली मंजूरी
नगर पंचायत बनाने की मांग वर्षों से जारी
शासन ने जारी की नई सूची, लेकिन नाम नहीं शामिल
सभी मानक पूरे फिर भी नहीं मिली मंजूरी
चंदौली जिले के सकलडीहा में वर्षों से नगर पंचायत बनाने की मांग कर रहे सकलडीहा के लोगों की उम्मीदें एक बार फिर अधूरी रह गई हैं। शासन ने हाल ही में दो दर्जन से अधिक नए नगर पंचायतों की सूची जारी की, लेकिन सकलडीहा का नाम उसमें शामिल नहीं किया गया। मानक पूर्ण करने के बावजूद कस्बे को नगर पंचायत घोषित न किए जाने से स्थानीय लोगों में निराशा है।
सकलडीहा कस्बा प्रशासनिक और शैक्षणिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। यहां तहसील, ब्लॉक मुख्यालय, जल निगम, कोतवाली, दूरसंचार विभाग, रेलवे स्टेशन, सीएचसी, कृषि संभाग केंद्र, डीआईईटी संस्थान, बाल परियोजना कार्यालय और पशु अस्पताल जैसी सरकारी संस्थाएं संचालित हैं। कस्बे की आबादी 50 हजार के पार है और आसपास के कई गांव इसके दायरे में आते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सकलडीहा को नगर पंचायत घोषित किया जाता है, तो यहां रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और कस्बे की समग्र तस्वीर बदल जाएगी।
इस संबंध में एसडीएम कुंदन राज कपूर ने बताया कि शासन द्वारा मांगी गई सभी सूचनाएं भेज दी गई हैं। अब निर्णय शासन स्तर पर निर्भर है।