सकलडीहा में दर्दनाक हादसा: दुर्गा मंदिर के पास ट्रैक्टर के आगे कूदा राम केवल राजभर, मौके पर ही मौत 

 

सकलडीहा कोतवाली के पास चंदौली-सैदपुर मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मानसिक रूप से बीमार 42 वर्षीय युवक ने अचानक चलते ट्रैक्टर के आगे छलांग लगा दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

 
 

सकलडीहा कस्बा में दुर्गा मंदिर के पास दर्दनाक सड़क हादसा

चलते ट्रैक्टर के सामने कूदने से मानसिक बीमार युवक की मौत

मृतक 42 वर्षीय राम केवल राजभर का चल रहा था इलाज

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद पुलिस बल के साथ पहुंचे

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

चंदौली जिले के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र स्थित दुर्गा मंदिर के पास रविवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। चंदौली-सैदपुर मार्ग पर अचानक उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति सड़क पर जा रहे ट्रैक्टर के आगे कूद गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर के नीचे आने से 42 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

जब तक लोग दौड़ते, हो चुकी थी मौत
घटना इतनी अचानक हुई कि ट्रैक्टर चालक को भी संभलने का मौका नहीं मिला। युवक के गिरते ही आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए मौके की तरफ दौड़े। किसी तरह युवक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत इसकी सूचना सकलडीहा कोतवाली पुलिस को दी।

इलाज के दौर से गुजर रहा था मृतक
घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। मृतक की पहचान सकलडीहा कस्बा निवासी राम केवल राजभर (42 वर्ष), पुत्र चरित्र राजभर के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक, राम केवल काफी समय से मानसिक रूप से बीमार चल रहे थे और उनका इलाज भी चल रहा था। वे अक्सर इधर-उधर घूमते रहते थे।

शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज पुलिस जांच में जुटी
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में रोना-पिटना मच गया। पुलिस ने परिजनों की सहमति के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया ट्रैक्टर की सीधी गलती न होने की बात सामने आई है, फिर भी ट्रैक्टर की पहचान की जा रही है और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।