सकलडीहा रेलवे स्टेशन पर 26 नवंबर से शुरू होगा अनिश्चितकालीन धरना, बंद पड़ी तीन एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव पर अड़े ग्रामीण
चंदौली के सकलडीहा रेलवे स्टेशन पर कोरोना काल से बंद तीन प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव बहाल कराने की मांग को लेकर क्षेत्रीय लोगों ने 26 नवंबर से अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान किया है।
सकलडीहा स्टेशन पर 26 नवंबर से होने जा रहा है बड़ा धरना प्रदर्शन
तीन प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर होगा धरना
कोरोना काल के बाद से बंद है कई जरुरी ट्रेनों का सकलडीहा में स्टॉपेज
यात्रियों, छात्रों और व्यापारियों को हो रही परेशानी
रेलवे अधिकारियों को सौंपा गया मांग पत्र
चंदौली जिले के सकलडीहा रेलवे स्टेशन पर तीन प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर अब क्षेत्रीय लोगों का सब्र जवाब दे गया है। अपनी इस पुरानी मांग को लेकर ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने आर-पार के आंदोलन का ऐलान कर दिया है। लोगों ने साफ कर दिया है कि यदि समय रहते उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो आगामी 26 नवंबर से सकलडीहा रेलवे स्टेशन पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा। इस संबंध में लोगों ने रेलवे के संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर अपनी चेतावनी से अवगत करा दिया है।
कोरोना काल से बंद हैं ये तीन प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें
स्थानीय लोगों के अनुसार, कोरोना महामारी आने से पहले सकलडीहा रेलवे स्टेशन पर तीन महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का नियमित ठहराव होता था। इनमें हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस, वाराणसी-सियालदह एक्सप्रेस और हावड़ा-दिल्ली जनता एक्सप्रेस शामिल थीं। इन ट्रेनों के रुकने से सकलडीहा समेत आसपास के सैकड़ों गांवों के यात्रियों को देश के बड़े शहरों तक आने-जाने में बड़ी सहूलियत मिलती थी। हालांकि, कोरोना काल के दौरान इनका ठहराव बंद कर दिया गया। बाद में पैसेंजर ट्रेनें तो चलने लगीं, लेकिन इन एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टॉपेज आज तक बहाल नहीं किया गया।
वैकल्पिक ट्रेन न होने से हर वर्ग के यात्री परेशान
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि इन तीनों एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव बंद होने के बाद रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए कोई दूसरी वैकल्पिक एक्सप्रेस ट्रेन भी यहां नहीं रोकी। इसका सीधा असर आम जनता की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है। सफर के साधन सीमित होने की वजह से नौकरीपेशा लोगों, स्थानीय व्यापारियों, बाहर पढ़ने जाने वाले छात्र-छात्राओं और मरीजों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
धार्मिक और प्रशासनिक दृष्टि से बेहद अहम है यह स्टेशन
आंदोलन की तैयारी कर रहे लोगों ने बताया कि सकलडीहा रेलवे स्टेशन क्षेत्र की एक बड़ी आबादी की लाइफलाइन है। इसके आसपास स्वयंभू बाबा कालेश्वर नाथ का प्राचीन मंदिर, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिसर, तहसील मुख्यालय, विधानसभा क्षेत्र का कार्यालय और कई अन्य धार्मिक स्थल व सरकारी संस्थान मौजूद हैं। इतना ही नहीं, चंदौली जिला मुख्यालय जाने वाले तमाम यात्री भी इसी स्टेशन पर उतरकर आगे का सफर तय करते हैं। ऐसे में यहां एक्सप्रेस ट्रेनों का रुकना बेहद जरूरी है।
26 नवंबर तक समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी
रेलवे प्रशासन को ज्ञापन सौंपने वालों में जयराम राय, सोनू पटेल, रणवीर राणा, अजय सिंह, संतोष कुमार, श्याम नारायण, बबलू पासवान, सुनील गुप्ता, अश्विनी श्रीवास्तव, नंदलाल यादव, भोलू सिंह, विनीत सिंह, अन्नू जायसवाल, दीपू सिंह, हरदेव सिंह, पौरा प्रधान भाई राम और अरविंद यादव समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल रहे। सभी ने एक स्वर में मांग की है कि 26 नवंबर से पहले तीनों ट्रेनों के ठहराव पर सकारात्मक फैसला लिया जाए, अन्यथा आंदोलन शुरू होने के बाद जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।