केवल कमरे में मीटिंग करके हो रही है जल मिशन की समीक्षा, सकलडीहा में एक साल से अधूरी पानी टंकी को देखने की फुर्सत नहीं
सकलडीहा में हर घर जल की पानी टंकी अधूरी
हर घर जल योजना का काम एक साल से ठप
करोड़ों खर्च, फिर भी काम अधूरा
सरकारी अधिकारी की कागजी रिपोर्टिंग से ऊब गए हैं लोग
पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन के तहत 'हर घर जल' योजना पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिसका उद्देश्य ग्रामीणों को बारह महीने स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। हालांकि, चंदौली जिले की सकलडीहा तहसील में यह योजना फिलहाल अधूरी दिखाई दे रही है। यहां सकलडीहा सहित कई गांवों में पानी टंकी का निर्माण कार्य बीते एक साल से अधिक समय से अधूरा पड़ा हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से काम लटका हुआ है, लेकिन तहसील प्रशासन और विभागीय अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
खुले गड्ढे और पेयजल संकट
निर्माण कार्य में देरी से स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई गांवों में पानी कनेक्शन के नाम पर गलियों में गड्ढे खोदकर यूं ही छोड़ दिए गए हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। ब्लॉक रोड के निवासी तो बीते दो साल से पानी का कनेक्शन नहीं होने के कारण हैंडपंप या खरीदकर पानी पीने को मजबूर हैं। स्थानीय विधायक, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि और ग्राम प्रधानों द्वारा कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया है।
प्रशासन ने दिया जल्द पूरा कराने का आश्वासन
पेयजल की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों ने अब आंदोलन की चेतावनी दी है। हालांकि, इस संबंध में जब एसडीएम कुंदन राज कपूर से बात की गई, तो उन्होंने स्वीकार किया कि जल जीवन मिशन के तहत कुछ कार्य अधूरे पड़े हैं। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों को शीघ्र ही काम पूरा कराने के लिए निर्देशित किया गया है और जल्द ही इस दिशा में काम शुरू किया जाएगा।