चंदौली पहुंचे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद, गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने के लिए भरी हुंकार

ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती रविवार को चंदौली पहुंचे। गौ रक्षा और जनजागरण के उद्देश्य से निकाली जा रही इस यात्रा के दौरान उन्होंने शहीदों को नमन किया और गौ भक्तों से संवाद कर सनातन धर्म की रक्षा का आह्वान किया।

 

शंकराचार्य का महुजी सीमा पर भव्य स्वागत

1942 के धानापुर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

गौ हत्या रोकने के लिए जनजागरण अभियान

गौ माता को राष्ट्र माता बनाने का संकल्प

3 मई से 27 मई तक चलेगी गौ विष्ठी यात्रा

चंदौली में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती: गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग, धानापुर में गौ भक्तों को किया संबोधित

चंदौली जिले में ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती रविवार को जनपद के धीना थाना क्षेत्र अंतर्गत महुजी गांव पहुंचे। उनके आगमन को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं और गौ भक्तों में अभूतपूर्व उत्साह देखा गया। पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह 'डब्लू' के नेतृत्व में सैकड़ों समर्थकों ने जनपद की सीमा पर पुष्प-वर्षा और फूल-मालाओं के साथ उनका ऐतिहासिक स्वागत किया।

शहीदों को नमन और गौ भक्तों से संवाद
शंकराचार्य का काफिला रविवार दोपहर लगभग 12:45 बजे गाजीपुर सीमा से चंदौली में प्रविष्ट हुआ। महुजी गांव में अभिनंदन स्वीकार करने के बाद वे धानापुर स्थित शहीद पार्क पहुंचे। यहाँ उन्होंने 1942 के ऐतिहासिक धानापुर आंदोलन में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा के उपरांत उन्होंने उपस्थित गौ भक्त सनातनियों से सीधा संवाद किया और धर्म रक्षा के लिए संगठित होने की बात कही।

गौ विष्ठी यात्रा: एक जनजागरण अभियान
गौ विष्ठी यात्रा के जिला प्रभारी एवं गौ सांसद वैभव त्रिपाठी ने यात्रा के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस अभियान का मुख्य लक्ष्य सनातन धर्म में गौ माता को 'राष्ट्र माता' का दर्जा दिलाना और देश में पूर्ण रूप से गौ हत्या बंद करवाना है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य विशुद्ध रूप से धार्मिक और सामाजिक जनजागरण है, इसका किसी भी राजनीतिक दल से कोई सरोकार नहीं है। यह यात्रा 3 मई से प्रारंभ हुई है और आगामी 27 मई को इसका समापन होगा।

सकलडीहा और जिला मुख्यालय के लिए प्रस्थान
धानापुर में संवाद कार्यक्रम संपन्न करने के बाद शंकराचार्य का काफिला सकलडीहा और चंदौली जिला मुख्यालय के लिए रवाना हुआ। यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर श्रद्धालुओं द्वारा उनका जोरदार अभिनंदन किया जा रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद नजर आया। गौ माता के प्रति अटूट आस्था और शंकराचार्य के दर्शनों के लिए चिलचिलाती धूप में भी भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ।