युवक का रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत शव मिलने से मचा कोहराम, मृतक रात से था गायब

शव की हालत इतनी गंभीर थी कि पहचान कर पाना मुश्किल हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही सकलडीहा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
 

सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र की घटना

लाइन के किनारे मिली युवक की क्षत-विक्षत लाश

घरचित गांव निवासी शिवम यादव के रूप में हुयी पहचान

चंदौली जनपद के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत घरचित गांव में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के सामने स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर-पटना रेल लाइन के किनारे एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत इतनी गंभीर थी कि पहचान कर पाना मुश्किल हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही सकलडीहा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने शव की शिनाख्त घरचित गांव निवासी शिवम यादव पुत्र स्वर्गीय नंदलाल यादव के रूप में की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि शुक्रवार की रात मृतक का अपने परिवार से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद वह गुस्से में घर से बाहर चला गया। सुबह जब ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक पर उसका शव देखा, तो परिवार और पुलिस को सूचना दी गई।

थानाध्यक्ष अतुल कुमार प्रजापति ने बताया कि अब तक की जांच में यह सामने आया है कि पारिवारिक विवाद के चलते युवक मानसिक तनाव में था, जिसके चलते उसने संभवतः आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है ताकि किसी भी प्रकार की साजिश या दुर्घटना की आशंका को भी नज़रअंदाज़ न किया जा सके।

इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।

यह दुखद घटना एक बार फिर इस बात की ओर इशारा करती है कि पारिवारिक तनाव और मानसिक अवसाद को समय रहते पहचानना और उसका समाधान ढूंढ़ना कितना जरूरी है।