महाराष्ट्र में कमाने गए बलारपुर के सुदर्शन यादव की महाराष्ट्र में संदिग्ध मौत, मौत से कुछ घंटे पहले ही हुई थी घर पर बात
सकलडीहा के बलारपुर गांव के सुदर्शन की मौत
महाराष्ट्र की प्राइवेट कंपनी में करते थे काम
मौत से कुछ घंटे पहले घर पर हुई थी बात
रविवार रात एम्बुलेंस से गांव पहुंचा पार्थिव शरीर
घटना के बाद से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
चंदौली जिले के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बलारपुर गांव के रहने वाले 46 वर्षीय सुदर्शन यादव की महाराष्ट्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह बीते जुलाई के महीने में ही घर से महाराष्ट्र गए थे और वहां एक प्राइवेट कंपनी में काम करते थे।
ड्यूटी के दौरान हुई घटना
परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को भी सुदर्शन रोज की तरह अपनी ड्यूटी पर गए थे। इसी दौरान कंपनी के अधिकारियों की तरफ से फोन आया कि सुदर्शन की मौत हो चुकी है। यह सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हैरान करने वाली बात यह है कि मौत से महज कुछ घंटे पहले ही सुदर्शन ने घर पर फोन करके बातचीत की थी।
रविवार देर रात एम्बुलेंस से गांव पहुंचा पार्थिव शरीर
हादसे की खबर मिलते ही रोते-बिलखते परिजन तुरंत महाराष्ट्र के लिए रवाना हो गए। वहां पोस्टमार्टम की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद वे रविवार की रात करीब 7:30 बजे एम्बुलेंस के जरिए शव को लेकर बलारपुर गांव पहुंचे। जैसे ही सुदर्शन का शव गांव में आया, परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
सुदर्शन यादव अपने पीछे पत्नी सीमा यादव, 20 साल का बेटा राज और 18 साल की बेटी रचना को छोड़ गए हैं। सुदर्शन की अचानक हुई इस मौत से बूढ़े पिता जद्दू यादव, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव वालों के मुताबिक सुदर्शन बेहद मिलनसार व्यक्ति थे। हालांकि, उनकी मौत किन वजहों से हुई है, इसकी अभी तक आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो पाई है।