भैसऊर गांव की दलित बस्ती के खराब रास्ते को लेकर ग्रामीणों में था असंतोष, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने दिलाया समाधान
बरसों से जर्जर था दलित बस्ती का मुख्य रास्ता
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने ग्रामीणों की शिकायत पर दिखाई तत्परता
200 मीटर लंबे रास्ते पर आरसीसी का हुआ निर्माण
चंदौली जिले के बरहनी विकास खंड के भैसऊर गांव की दलित बस्ती का मुख्य मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के मौसम में कीचड़ और जलभराव की वजह से स्थिति और भी विकट हो जाती थी। इससे दैनिक आवागमन प्रभावित हो रहा था और ग्रामीणों में गहरा असंतोष था।
आपको बता दें कि ग्रामीणों की इस समस्या को संज्ञान में लेते हुए ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पंकज शुक्ला ने त्वरित पहल की। उन्होंने लगभग 200 मीटर लंबे मार्ग पर आरसीसी निर्माण कार्य शुरू कराया, जिससे अब दलित बस्ती तक पहुंचना आसान हो गया है।
बताते चलें कि नए रास्ते के निर्माण से स्थानीय लोगों को काफी राहत मिली है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसों से वे इस रास्ते की मरम्मत की मांग कर रहे थे, लेकिन पहली बार उनकी समस्या का समाधान हुआ है।
इस मौके पर ग्रामीण मराछु राम, बब्बन राम, राजबन्श राम, निजामुद्दीन और अख्तर सहित कई लोगों ने ग्राम प्रधान और उनके प्रतिनिधि पंकज शुक्ला का आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि अब उन्हें आने-जाने में दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पंकज शुक्ला ने कहा कि गांव की हर बस्ती का विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।