चंदौली के मथेला गांव में दबंग ने रोका नाली निर्माण, सैकड़ों एकड़ में जलजमाव से किसान परेशान
 

किसानों ने हाल ही में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के काफिले को रोककर अपनी समस्या बताई। इसके बाद उपजिलाधिकारी ने मौके का निरीक्षण कर नाली निर्माण का आश्वासन दिया।
 

किसानों की शिकायतों के बाद भी प्रशासन रहा उदासीन

जिलाधिकारी के हस्तक्षेप से मिली आशा की किरण

सैकड़ों किसान हैं जलभराव के कारण परेशान

चंदौली जिले के चहनिया विकासखंड के मथेला गांव में नाली निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। गांव के ही एक दबंग व्यक्ति ने नाली निर्माण में बाधा डाल दी, जिससे भगवानपुर, मथेला, लोलपुर, खण्डवारी और रानेपुर समेत छह गांवों की करीब एक हजार एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई है। धान की रोपी गई फसल डूब गई है, जिससे किसानों में भारी आक्रोश है।

बताया जा रहा है कि चंदौली-वाया सैदपुर मार्ग के उच्चीकरण और चौड़ीकरण के कारण अब क्षेत्र में वर्षा का पानी बहकर बाहर नहीं निकल पा रहा है। सड़क निर्माण करने वाली कंपनी ने किसानों से नाली बनवाने का वादा किया था ताकि जलनिकासी सुचारु हो सके। लेकिन जैसे ही नाली निर्माण का कार्य शुरू हुआ, गांव के एक प्रभावशाली व्यक्ति ने विरोध कर काम रुकवा दिया।

किसानों ने इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन को लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। मजबूर होकर किसानों ने हाल ही में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के काफिले को रोककर अपनी समस्या बताई। इसके बाद उपजिलाधिकारी ने मौके का निरीक्षण कर नाली निर्माण का आश्वासन दिया।

मौके पर उपस्थित किसानों में बालू सिंह, सुजित सिंह, सुमित सिंह, मोनी सिंह, शीशु सिंह, प्रदीप कुमार सिंह और अजय समेत सैकड़ों किसान शामिल थे। किसानों को उम्मीद है कि अब प्रशासन जल्द कार्यवाही करेगा और उनकी फसल की रक्षा संभव हो सकेगी।