चंदौली में मानवता शर्मसार: पति की चिता ठंडी भी नहीं हुई और विधवा की जमीन पर दबंगों ने किया कब्जा, देखें वीडियो
चंदौली के धानापुर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ पति की मौत के महज दो दिन बाद ही दबंगों ने एक विधवा और उसके नाबालिग बच्चों की जमीन पर कब्जा कर लिया। पुलिस के सामने ही पिलर तोड़े गए, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।
पति की मौत के दूसरे दिन ही कहर
सरकारी पैमाइश के पिलर दिनदहाड़े तोड़े
यूपी पुलिस की मौजूदगी में हुई दबंगई
पीड़ित विधवा ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
चंदौली जिले से एक बेहद संवेदनहीन और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ धानापुर थाना क्षेत्र के करी गांव में एक बेबस विधवा और उसके नाबालिग बच्चों पर दबंगों का कहर टूटा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि अभी घर से मुखिया की अर्थी उठे दो दिन भी नहीं हुए थे, कि पड़ोस के दबंगों ने उनकी जमीन हड़पने के लिए हमला बोल दिया। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे देखकर किसी का भी दिल दहल जाए।
पति की मौत के दूसरे दिन ही कहर
— Chandauli Samachar (@chandaulinews) June 19, 2026
सरकारी पैमाइश के पिलर दिनदहाड़े तोड़े
यूपी पुलिस की मौजूदगी में हुई दबंगई
पीड़ित विधवा ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार@adgzonevaranasi @IgRangeVaranasi @chandaulipolice @dhanapurcdi @dgpup @mediacellsp pic.twitter.com/oCtsOZSmJo
आपदा को अवसर बना गए पड़ोसी दबंग
पीड़िता सुशीला देवी के मुताबिक, उनके पति स्वर्गीय रामदुलार यादव का निधन बीते 14 जून को हुआ था। पूरा परिवार अभी इस गहरे सदमे से उबर भी नहीं पाया था और पति की चिता की आग ठंडी भी नहीं हुई थी कि पड़ोस में रहने वाले दबंगों ने इस दुखद घड़ी को 'अवसर' में बदल दिया। दबंगों की नजर सुशीला की कीमती जमीन पर थी। उन्होंने बिना किसी डर के विधवा के घर और जमीन पर अतिक्रमण करना शुरू कर दिया, जिसका विरोध करने पर पूरे परिवार के साथ मारपीट भी की गई।
पुलिस के सामने ही टूटते रहे सरकारी पिलर
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस जमीन का पहले ही राजस्व विभाग द्वारा धानापुर पुलिस की मौजूदगी में बकायदा नापी (पैमाइश) कराई जा चुकी थी। सीमा तय करने के लिए वहाँ पक्के पिलर भी लगाए गए थे। सुशीला देवी का आरोप है कि घटना के वक्त जब उन्होंने डायल 112 पुलिस को फोन कर बुलाया, तो पुलिस मौके पर पहुंच तो गई, लेकिन वह मूकदर्शक बनी रही। दबंग पुलिस के सामने ही सरकारी पैमाइश के पिलरों को हथौड़ों से तोड़ते रहे और पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए कोई सख्त कदम नहीं उठाया।
खाकी के रवैये से सहमा पीड़ित परिवार
पीड़ित महिला ने स्थानीय धानापुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। सुशीला का कहना है कि उनके पास पिलर तोड़े जाने और दबंगई का साफ वीडियो साक्ष्य के रूप में मौजूद है। यह वीडियो पुलिस को सौंपने के बाद भी आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस के इसी ढुलमुल रवैये के कारण दबंगों के हौसले सातवें आसमान पर हैं, जिससे डरा-सहमा पीड़ित परिवार अब अपने ही घर में असुरक्षित महसूस कर रहा है।
सीएम योगी के आदेशों को ठेंगा दिखा रही पुलिस?
एक तरफ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सूबे में भू-माफियाओं और कमजोरों को सताने वालों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपना रखी है। पुलिस को अपराधियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने की खुली छूट है। इसके बावजूद चंदौली पुलिस का यह चेहरा मुख्यमंत्री के दावों पर सवालिया निशान लगा रहा है। एक असहाय विधवा को न्याय के लिए दर-दर भटकाना और दबंगों के आगे नतमस्तक हो जाना कानून-व्यवस्था की पोल खोलता है।
अब पुलिस कप्तान से बची है आखिरी उम्मीद
थाने से न्याय न मिलने के बाद निराश और टूट चुकी पीड़िता सुशीला देवी ने अब चंदौली के पुलिस अधीक्षक (SP) का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने एसपी से मिलकर शिकायती पत्र सौंपा है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, अपनी भूमि की सुरक्षा तथा छोटे-छोटे बच्चों के जीवन की रक्षा की गुहार लगाई है। फिलहाल यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और अब देखना होगा कि जिले के आला अधिकारी इस लाचार परिवार को कब तक न्याय दिला पाते हैं।