घरेलू कलह से बच्चों को लेकर ट्रेन के आगे कूदी महिला,  6 साल की बच्ची के साथ मांग की मौत, बेटा बाल-बाल बचा 

 

चंदौली के धीना थाना क्षेत्र में गरीबी और घरेलू झगड़ों से परेशान एक 27 वर्षीय महिला ने अपनी मासूम बेटी के साथ ट्रेन के आगे कूदकर जीवन लीला समाप्त कर ली। पति की नशे की लत और आर्थिक तंगी इस खौफनाक कदम की मुख्य वजह बताई जा रही है।

 
 

 मासूम बेटी संग ट्रेन के आगे कूदी


 पति की नशे की लत बनी काल


 आर्थिक तंगी और घरेलू कलह की बलि


 धीना थाना पुलिस जांच में जुटी


 परिजनों में मचा भारी कोहराम

चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बैरी खुर्द गांव के समीप शनिवार की देर रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई। यहाँ भीषण गरीबी, निरंतर पारिवारिक तनाव और पति की नशे की लत से तंग आकर 27 वर्षीय विवाहिता ज्योति ने अपनी छह वर्षीय मासूम पुत्री लाडो के साथ ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पति की नशे की लत और आर्थिक तंगी बनी वजह 
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ज्योति का विवाह नौ वर्ष पूर्व गाजीपुर जिले के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मिर्चा में हुआ था। मृतका के दो बच्चे थे, जिसमें एक 6 वर्षीय लाडो और दूसरा  3 वर्षीय गोलू। ग्रामीणों ने बताया कि  ज्योति का पति जमानिया क्षेत्र के एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी का काम करता है। वह शनिवार को ही मजदूरी कर घर लौटा था, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी। गरीबी और पति की शराब पीने की आदत के कारण घर में अक्सर विवाद होता रहता था।

घटनास्थल पर ही हुई दोनों की दर्दनाक मौत 
पारिवारिक झगड़े से आहत होकर ज्योति ने अपनी मासूम बेटी लाडो को साथ लिया और शनिवार रात गांव के समीप से गुजरने वाली रेल पटरी पर चली गई। जैसे ही ट्रेन आई, उसने बेटी संग छलांग लगा दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में उसका 3 वर्षीय बेटा गोलू सुरक्षित है। सूचना मिलते ही धीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी हाउस भेज दिया।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई और जांच 
 घटना की सूचना के बाद पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद और आर्थिक तंगी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मृतका के परिजनों ने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस अब इस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पूर्ण खुलासा हो सके। इस घटना ने एक बार फिर समाज में बढ़ती घरेलू कलह और आर्थिक विषमता के गंभीर परिणामों को उजागर किया है।