गंगा नदी में मिला अज्ञात महिला का शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस
डेरवा गांव के पास गंगा नदी में मिला महिला का शव
ग्रामीणों ने दी पुलिस को तत्काल सूचना
गंगा में बहकर दूर से आने की आशंका
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
चंदौली जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत डेरवा गांव के समीप मंगलवार को गंगा नदी में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शव देख ग्रामीण दहशत में आ गए और तत्काल इसकी सूचना बलुआ पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने बताया कि महिला का शव गंगा नदी में बहते हुए कहीं दूर से यहां आकर किनारे पर फंसा। मृतका की उम्र लगभग 35 वर्ष आंकी जा रही है। वह पीले रंग की साड़ी और हरे रंग की धारीदार ब्लाउज पहनी हुई थी। शव की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह कई घंटों से पानी में बह रही थी।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान स्थापित करने के लिए आसपास के गांवों और थाना क्षेत्रों में सूचना भेजी जा रही है। कपड़ों और अन्य पहचान चिन्हों के आधार पर भी शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है, जिससे मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सके।
ग्रामीणों का कहना है कि गंगा नदी में आए दिन शव बहकर किनारे लग जाते हैं, लेकिन महिला का शव देख लोग और अधिक चिंतित हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नदी किनारे नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर तुरंत कार्यवाही हो सके।
थाना अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार मिश्रा ने कहा कि जैसे ही शव की पहचान होगी, उसके परिजनों को सूचित किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि कोई इस महिला को पहचानता हो या उसके बारे में जानकारी रखता हो, तो तत्काल पुलिस को बताएं, ताकि मृतका के परिवार तक सूचना पहुंच सके और आगे की कार्रवाई की जा सके।