बलुआ में आपसी रंजिश के दौरान युवक ने लहराया असलहा, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस दे रही दबिश

चन्दौली के बलुआ थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के बाद एक युवक द्वारा सरेआम असलहा लहराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मारुफपुर चौकी पुलिस आरोपी की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। पूरी खबर पढ़ें...

 

बलुआ थाना क्षेत्र के नैढ़ी गांव की घटना

पान की गुमटी पर हुआ पुराना विवाद

मनबढ़ युवक ने सरेआम लहराया असलहा

सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिसिया दबिश

 चन्दौली जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ बलुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नैढ़ी गांव में मंगलवार की शाम को आपसी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस हिंसक झड़प के दौरान एक मनबढ़ युवक ने सरेआम असलहा निकालकर लहराना शुरू कर दिया।

पान की दुकान पर भड़का पुराना विवाद
जानकारी के मुताबिक, नैढ़ी गांव के बाहर स्थित एक पान की गुमटी पर मंगलवार शाम को कुछ लोग इकट्ठा होकर बैठे थे। इसी बीच, पुरानी रंजिश और विवाद को लेकर दो युवकों में आपस में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे और मारपीट की नौबत आ गई।

बकरीद की छुट्टी पर दिल्ली से आया था आरोपी
मारपीट के दौरान ही एक मनबढ़ युवक ने अचानक अपने पास रखा अवैध असलहा बाहर निकाल लिया और उसे हवा में लहराने लगा। युवक को असलहा लहराता देख मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाई और उसे पकड़कर मामला शांत कराया। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक दिल्ली में नौकरी करता है और बकरीद के त्योहार पर छुट्टी लेकर घर आया था।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस पूरी घटना का वहाँ मौजूद किसी व्यक्ति ने चुपके से वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो के इंटरनेट पर प्रसारित होते ही बलुआ पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई। मारुफपुर चौकी प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। फिलहाल विवाद के असली कारणों का पता नहीं चल सका है, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।