पंचायत चुनाव में 70 लाख मतपत्रों का होगा प्रयोग, 3.11 लाख मतदाता सूची में डुप्लीकेट नाम भी हटेंगे
 

चुनाव की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस बार 70 लाख मत पत्रों का प्रयोग किया जाएगा। मतपत्र दिल्ली से मंगाए जाएंगे और इन्हें लाने के लिए पुलिस सुरक्षा में 20 सदस्यीय टीम दिल्ली भेजी जाएगी।
 

पंचायत चुनाव की तैयारी में जुटा प्रशासन

70 लाख मतपत्र होंगे प्रयोग में

20 सदस्यीय टीम लेगी मतपत्रों की जिम्मेदारी

3.11 लाख मतदाताओं के नाम दो स्थानों पर

चंदौली जिले में वर्ष 2026 में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग की ओर से मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है। साथ ही पंचायतों के आरक्षण की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी।

आपको बता दें कि चुनाव की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस बार 70 लाख मत पत्रों का प्रयोग किया जाएगा। मतपत्र दिल्ली से मंगाए जाएंगे और इन्हें लाने के लिए पुलिस सुरक्षा में 20 सदस्यीय टीम दिल्ली भेजी जाएगी। फिलहाल जिले में 14 लाख 41 हजार 663 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से 3.11 लाख मतदाताओं के नाम दो स्थानों पर पाए गए हैं, जिन्हें संभावित डुप्लीकेट मानते हुए 29 सितंबर तक सत्यापन कराने का निर्णय लिया गया है।

इसके साथ ही पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची में संशोधन, विलोपन और नए मतदाताओं को जोड़ा जा रहा है। विशेषकर 1 जनवरी 2025 को 18 वर्ष पूरे करने वाले युवाओं का नाम सूची में शामिल किया जाएगा।

चुनाव में ग्राम प्रधान, पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य चुने जाएंगे। इसके लिए मतपत्रों को अलग-अलग रंगों में विभाजित किया गया है—

  •     ग्राम पंचायत सदस्य के लिए सफेद
  •     ग्राम प्रधान के लिए हरा
  •     क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए नीला
  •     जिला पंचायत सदस्य के लिए गुलाबी

सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जिले में तैयारियां तेजी से चल रही हैं और संभावना है कि पंचायत चुनाव फरवरी 2026 में ही संपन्न कराए जाएंगे।