चंदौली में माध्यमिक स्कूलों में पहली बार होगा दक्षता परख सर्वेक्षण

परख सर्वेक्षण के अंतर्गत कक्षा छह के विद्यार्थियों में भाषा, गणित और परिवेश ज्ञान, कक्षा नौ में भाषा, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान, तथा कक्षा 11वीं में भाषा, गणित और विज्ञान की दक्षता परखी जाएगी।
 

माध्यमिक स्कूलों में पहली बार दक्षता परख

कक्षा छह, नौ और 11वीं के विद्यार्थियों परखी जाएंगी

कमजोर छात्रों के लिए विशेष कक्षाओं का प्रावधान

चंदौली जिले में परिषदीय स्कूलों की तरह अब माध्यमिक स्कूलों में भी परख सर्वेक्षण लागू किया जा रहा है। इस योजना के तहत कक्षा छह, नौ और 11वीं के विद्यार्थियों की शैक्षिक दक्षता का मूल्यांकन किया जाएगा। जिले में पहली बार दिसंबर माह में यह परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य कमजोर छात्रों की पहचान कर उन्हें सुधारात्मक कक्षाएं उपलब्ध कराना है।

जिले में कुल 248 माध्यमिक स्कूलों में 1.17 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं। इनमें कक्षा नौ और 11वीं में कुल 53,999 विद्यार्थी हैं। कई स्कूलों में कक्षा छह से भी पढ़ाई होती है। परख सर्वेक्षण के अंतर्गत कक्षा छह के विद्यार्थियों में भाषा, गणित और परिवेश ज्ञान, कक्षा नौ में भाषा, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान, तथा कक्षा 11वीं में भाषा, गणित और विज्ञान की दक्षता परखी जाएगी।

सर्वेक्षण के लिए सभी विद्यालयों में नोडल अधिकारी नामित किए जा चुके हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक देवेन्द्र सिंह ने बताया कि इसके लिए शेड्यूल बनाकर छात्रों को पूर्वाभ्यास कराया जाएगा। कक्षा नौ के विद्यार्थियों को ओएमआर शीट भरने का अभ्यास एवं पिछले राष्ट्रीय सर्वेक्षण के प्रश्नपत्र हल करने की ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रत्येक छात्र को कम से कम पांच से छह बार अभ्यास कराने का लक्ष्य रखा गया है।

सर्वेक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर का आकलन कर सुधारात्मक कदम उठाना है। कमजोर छात्रों की पहचान कर उनके लिए विशेष कक्षाएं संचालित की जाएंगी। इसके साथ ही शिक्षक बच्चों की दक्षता सुधारने में अधिक प्रभावी भूमिका निभा पाएंगे।