चंदौली में शुरू हो गयी धान की खरीद, जानिए जिले के किन 3 केन्द्रों पर खुला खाता
 

जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान नमी मापक यंत्र खराब पाए जाने पर तत्काल ठीक कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने गोदाम तक जाने वाले रास्ते को अविलंब ठीक कराए जाने के निर्देश केंद्र प्रभारी को दिए।
 

आज पहली महिला किसान का गुलदस्ते से स्वागत

इन तीन जगहों पर शुरू हो गयी है धान की खरीद

सेमरा क्रय केन्द्र की मशीन खरीद शुरू होने के पहले बिगड़ी

चंदौली में आज से धान खरीद वर्ष 2022-23 में धान की खरीद 3 धान क्रय केंद्रों पर किसानों के धान को खरीदने के साथ शुरू हो गयी। मंडी समिति के दो केन्द्रों के साथ साथ कांटा गांव में बने केन्द्र पर धान को लेने की प्रक्रिया शुरू की गयी है। इसीलिए जिलाधिकारी ने किसानों से धान खरीद के लिए तैयार रहने के लिए कहा है।

बताया जा रहा है कि नवीन मंडी में स्थित खाद्य विभाग के क्रय केंद्र पर एक महिला कृषक नीलू सिंह ग्राम रौरारी का 53.20 कुंतल धान की तौल के साथ जनपद में खरीद प्रारम्भ हुई। इस दौरान केंद्र प्रभारी द्वारा महिला कृषक का स्वागत किया गया। मंडी स्थित भारतीय खाद्य निगम के क्रय केंद्र पर भी एक किसान की 86.40 कुंतल धान की तौल हुई। इसके अतिरिक्त साधन सहकारी समिति कांटा पर एक किसान की तौल की गयी।

जिलाधिकारी महोदय ने किसानों से अपील की है कि जिन किसानों का धान तैयार हो गया है, वे अपने नज़दीक के क्रय केंद्र पर अपना धान विक्रय कर सकते हैं। यदि किसान भाइयों  का धान अभी तैयार नहीं है, तो टोकन लेकर निर्धारित तिथि को केंद्र पर आ सकते हैं।

सेमरा राजकीय धान क्रय केंद्र का निरीक्षण
जिलाधिकारी ईशा दुहन द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के सेमरा राजकीय धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया गया। काश्तकारों के धान की खरीद की तैयारी के विषय में केंद्र प्रभारी से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रभारी ने  बताया  कि  अब तक 108 किसानों द्वारा धान विक्रय हेतु पंजीकरण कराया जा चुका है। मौके पर दो इलेक्ट्रॉनिक कांटा, नमी मापक यंत्र, पावर डस्टर, विनोइन फैन, तिरपाल आदि की व्यवस्था उपलब्ध पाई गई।

जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान नमी मापक यंत्र खराब पाए जाने पर तत्काल ठीक कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने गोदाम तक जाने वाले रास्ते को अविलंब ठीक कराए जाने के निर्देश केंद्र प्रभारी को दिए। जिलाधिकारी ने काश्तकारों के धान को पारदर्शी एवं सहूलियत पूर्वक कराए जाने हेतु केंद्र पर कांटों की संख्या बढ़ाने, पर्याप्त मात्रा में बोरों की उपलब्धता, पेयजल, बैठने हेतु व्यवस्था, चाय-पानी आदि के मुकम्मल प्रबंध रखे जाने हेतु निर्देशित किया।

उन्होंने जिला खाद्य विपणन अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि कुछ निर्धारित दिवसों यथा सप्ताह के प्रत्येक बुधवार को छोटे काश्तकारों (लघु एवं सीमांत किसानों) के धान खरीद की व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार पारदर्शी तरीके से धान खरीद सुनिश्चित हो। बिना टोकन के किसी के भी धान की खरीद न किया जाए।
        
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजितेंद्र नारायण, डिप्टी आरएमओ, तहसीलदार पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर, केंद्र प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।