मिशन शक्ति के तहत बेहतर कार्य करने के लिए महिला पुलिसकर्मियों को एसपी साहब ने दिए टिप्स 
 

कोई भी महिला, बालिका अपनी शिकायत व समस्या को लेकर महिला हेल्प डेस्क पर उपस्थित महिला पुलिसकर्मी से गोपनीय तरीके से बता या दर्ज करा सकती है, जहां से उसकी हर समस्या का समाधान व निराकरण निश्चित रूप से किया जाएगा। 
 

महिला पुलिसकर्मियों को नसीहत

कैसे करें शिकायतों का निस्तारण

कैसे चलाएं महिलाओं व छात्राओं के लिए जागरुकता अभियान

चंदौली जिले के पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल द्वारा मुख्यालय एवं जनपद के प्रत्येक थानों पर गठित एंटी रोमियो विशेष दल में नियुक्त महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा समस्त थानों के महिला हेल्प डेस्क पर नियुक्त महिला पुलिसकर्मियों संग पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में बैठक की गयी। उपस्थित सभी महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मिशन शक्ति फेज-3 के तहत किए जाने वाले कार्यों को बताने व समझाने की कोशिश की गयी।

इस दौरान नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन अभियान के प्रति स्कूलों, कालेजों आदि स्थानों पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम करने, महिलाओं एवं बालिकाओं में सशक्तिकरण व विश्वास के साथ साथ भरोसे का वातावरण बनाने के उद्देश्य से थानों पर नियुक्त महिला बीट अधिकारियों तथा एंटी रोमियो टीम को गांवों, स्कूलों, कालेजों, भीड़ भाड़ वाले स्थानों आदि जगह पर जाकर छात्राओं, बालिकाओं व महिलाओं को 1090-वूमेन पॅावर लाइन,181-महिला हेल्प लाइन,108-एम्बुलेंस सेवा,1076 -मुख्यमंत्री हेल्पलाइन,112-पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098-चाइल्ड लाइऩ, 102-स्वास्थ्य सेवा सहित अन्य विभिन्न सुरक्षा व्यवस्था हेतु संचालित योजनाओं आदि के बारे में बताकर लगातार जागरूक करने की कोशिश करना है। 

इसके साथ साथ प्रत्येक थानों पर महिला शिकायतकर्ता की सहायता के लिए स्थापित महिला हेल्प डेस्क के बारे में भी विस्तार से जानकारी देने हेतु निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा कि उन्हें बताया और विश्वास दिलाया जाए कि कोई भी महिला, बालिका अपनी शिकायत व समस्या को लेकर महिला हेल्प डेस्क पर उपस्थित महिला पुलिसकर्मी से गोपनीय तरीके से बता या दर्ज करा सकती है, जहां से उसकी हर समस्या का समाधान व निराकरण निश्चित रूप से किया जाएगा। 

उपस्थित सभी से महिलाओं, बालिकाओं की समस्याओं और शिकायतों को शालीनता पूर्वक सुनने तथा सम्बन्धित को अवगत कराते हुए गुणवत्तापूर्ण समाधान कराए जाने हेतु निर्देशित किया गया। जनता व फरियादियों के प्रति सौम्य व्यवहार करने, उनकी प्रत्येक समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनने व उस पर यथोचित तत्काल आवश्यक कार्यवाही करते हुए समयबद्ध निस्तारण करने, फरियादियों के सम्पर्क नम्बर नोट करने तथा समस्या व शिकायत के निस्तारण के उपरान्त सम्बन्धित से उसका फीडबैक लेने व उसका सम्पूर्ण विवरण रजिस्टर में सुव्यवस्थित रूप से अंकित करने हेतु निर्देशित किया गया। 

महोदय द्वारा बताया गया कि पुलिस का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों को असामाजिक तत्वों व शोहदों से मुक्त करना है तथा महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है, जिससे महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना बनी रहे। किसी भी व्यक्ति को सार्वजनिक तौर पर कदापि भी अपमानित न किया जाए। थाना स्तर पर एक रजिस्टर बनाया जाए, जिसमें प्रतिदिन किए गए कार्यवाही का विवरण अंकित किया जाए तथा सम्बन्धित थाना प्रभारी प्रतिदिन उसका निरीक्षण करें।