AB-PMJAY Journalist Health Scheme: मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा, पोर्टल Go-Live को मंजूरी, आश्रितों को भी मिलेगा लाभ
AB-PMJAY के तहत मान्यता प्राप्त पत्रकारों और आश्रितों को कैशलेस इलाज के लिए नया पोर्टल Go-Live, सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में प्रशिक्षण संपन्न, एक सप्ताह में विवरण अपलोड करने के निर्देश।
पत्रकारों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा
AB-PMJAY पोर्टल Go-Live मंजूर
सूचना निदेशक विशाल सिंह अध्यक्षता
एक सप्ताह में विवरण अपलोड निर्देश
मान्यता प्राप्त पत्रकारों को आयुष्मान कार्ड
चंदौली जिले के मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब पत्रकारों और उनके आश्रितों को भी आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के तहत कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी। इसके लिए बनाए गए नए पोर्टल को Go-Live करने की सहमति मिल गई है।
सूचना निदेशालय के सभागार में सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में स्टेट हेल्थ एजेंसी, आयुष्मान भारत - प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) द्वारा मान्यता प्राप्त पत्रकारों एवं उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा हेतु विकसित किए गए नवीन पोर्टल के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में पोर्टल के संचालन को लेकर प्रशिक्षण भी दिया गया।
पोर्टल Go-Live को मिली मंजूरी
सूचना निदेशक विशाल सिंह द्वारा पोर्टल को Go-Live किये जाने की सहमति प्रदान की गई। इसके बाद स्टेट हेल्थ एजेंसी आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अधिकारियों द्वारा पोर्टल के Process Flow का प्रस्तुतिकरण किया गया। मान्यता प्राप्त पत्रकारों को आयुष्मान कार्ड जारी करने की प्रक्रिया, आवेदन, सत्यापन और कार्ड डाउनलोड करने की पूरी प्रक्रिया को लाइव डेमो के माध्यम से समझाया गया। इस प्रक्रिया में मुख्यालय एवं प्रदेश के समस्त जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
सरल और सुगम बनाया गया पोर्टल
सूचना निदेशक ने बताया कि पोर्टल को पत्रकारों के लिए सरल एवं सुगम बनाया गया है ताकि अधिक से अधिक मान्यता प्राप्त पत्रकार बंधु व उनके परिजनों को इसका त्वरित लाभ मिल सकें। पत्रकारों को अब इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। लिस्टेड अस्पतालों में कैशलेस इलाज मिल सकेगा।
उन्होंने प्रदेश के समस्त जनपदीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे पत्रकार, जो मान्यता प्राप्त हैं, उनके व उनके परिजनों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, एक सप्ताह के अंदर समस्त औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें। साथ ही मुख्यालय को भी अवगत कराए, ताकि मुख्यालय स्तर से अग्रेतर कार्रवाई त्वरित गति से सुनिश्चित करायी जा सके। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता एवं लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।