प्रधानमंत्री आवास योजना में एक और मौका, सर्वे में छूटे लोगों को जोड़ने की फिर से तैयारी
 

यह समय-सीमा विस्तार उन सभी पात्र लाभार्थियों के लिए महत्वपूर्ण है जो किसी कारणवश पिछले सर्वे में शामिल होने से छूट गए थे या सर्वे के समय घर पर उपलब्ध नहीं थे।
 

बेघर लोगों के लिए बड़ी खबर

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में नाम जोड़ने का एक और मौका

सरकार ने 14 अक्टूबर तक बढ़ा दी आखिरी तारीख

चंदौली जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) ग्रामीण के तहत नए लाभार्थियों को जोड़ने का इंतज़ार कर रहे लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। उत्तर प्रदेश के आयुक्त, ग्राम्य विकास ने एक पत्र जारी कर बताया है कि चल रहे आवास प्लस सर्वेक्षण-2024 में नए लाभार्थियों का डाटा कैप्चर करने की समय-सीमा अब 14 अक्टूबर, 2025 तक बढ़ा दी गई है।

ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आवास प्लस सर्वेक्षण-2024 के लिए पोर्टल को आज (03 अक्टूबर 2025) से ही फिर से खोल दिया गया है।

छूटे हुए लाभार्थियों के लिए सुनहरा मौका
यह समय-सीमा विस्तार उन सभी पात्र लाभार्थियों के लिए महत्वपूर्ण है जो किसी कारणवश पिछले सर्वे में शामिल होने से छूट गए थे या सर्वे के समय घर पर उपलब्ध नहीं थे। ऐसे सभी लाभार्थियों का सर्वेक्षण (डाटा कैप्चर) कार्य 14 अक्टूबर, 2025 तक सभी ग्राम पंचायतों में अनिवार्य रूप से पूरा करना होगा।

खण्ड विकास अधिकारियों (BDO) को निर्देश दिया गया है कि वे सभी सर्वेयरों के साथ तत्काल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग/बैठक करें और आज से ही छूटे हुए पात्र लाभार्थियों के सर्वेक्षण का कार्य युद्धस्तर पर शुरू करवाएँ। यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि इस बढ़े हुए समय में कोई भी पात्र लाभार्थी सर्वेक्षण में आने से वंचित न रह जाए।

अधिकारियों को विशेष रूप से यह ध्यान रखना होगा कि निर्धारित अंतिम तिथि से पहले छूटे हुए सभी पात्र लोगों का सर्वे अनिवार्य रूप से पूरा कर लिया जाए।