ARTO ऑफिस में में मिशन शक्ति अभियान, महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए दिखायी गयी फिल्म

परिवहन विभाग ने जिले के वाहन डीलरों से अपील की कि यदि किसी महिला ग्राहक द्वारा वाहन खरीदा जाए तो उन्हें प्राथमिकता देते हुए वाहन की पत्रावली पूरी करें और पंजीयन पुस्तिका समय पर सुपुर्द करें।
 

महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की पहल

वाहन खरीद प्रक्रिया में महिलाओं को प्राथमिकता देने की योजना

सरकारी योजनाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं में मार्गदर्शन

चंदौली जिले के महिलाओं के सशक्तिकरण और जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए आज दिनांक 13 अक्टूबर 2025 को उपसम्भागीय परिवहन कार्यालय, चंदौली में मिशन शक्ति-5.0 के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान में जिले के वाहन डीलरों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना और आत्मनिर्भर बनाना था।

कार्यक्रम में मिशन शक्ति-5.0 से संबंधित शासन द्वारा जारी वीडियो क्लिप दिखाई गई और महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण से संबंधित पम्पलेट वितरित किए गए। उपसम्भागीय परिवहन अधिकारी डॉ. सर्वेश गौतम ने महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। कठिन परिश्रम से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। वर्तमान में सरकार महिलाओं के स्वावलम्बन हेतु विशेष प्रोत्साहन दे रही है।

कार्यक्रम में 25 महिलाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित उपयोगी पुस्तकें भी प्रदान की गईं। इसके साथ ही महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित वातावरण, लैंगिक समानता, बाल विवाह, स्कूल ड्रॉपआउट, लिंगानुपात, साक्षरता दर और महिलाओं व बच्चों के प्रति होने वाली हिंसा जैसे विषयों पर जानकारी दी गई।

परिवहन विभाग ने जिले के वाहन डीलरों से अपील की कि यदि किसी महिला ग्राहक द्वारा वाहन खरीदा जाए तो उन्हें प्राथमिकता देते हुए वाहन की पत्रावली पूरी करें और पंजीयन पुस्तिका समय पर सुपुर्द करें। थाना पुलिस और महिला सुरक्षा अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे और महिलाओं को सुरक्षित रहने, अपने अधिकारों को समझने और आत्मनिर्भर बनने के लिए मार्गदर्शन दिया।

इस पहल से चंदौली में महिलाओं के सशक्तिकरण और समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया गया है। मिशन शक्ति-5.0 अभियान महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर सक्रिय है।