क्या सपा में शामिल हो रहे हैं पूर्व विधायक बब्बन चौहान? वायरल फोटो पर दिया बड़ा बयान, चंदौली की राजनीति में नयी चर्चा

 

मुगलसराय के पूर्व विधायक और भाजपा नेता बब्बन चौहान की अखिलेश यादव के साथ एक तस्वीर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। इस फोटो के बाद उनके सपा में जाने की चर्चाएं तेज हो गईं, जिस पर बब्बन चौहान ने खुद स्थिति साफ की है।

 
 

अखिलेश यादव संग बब्बन चौहान की फोटो वायरल

बीजेपी छोड़कर सपा में जाने की अटकलें हुई तेज

पूर्व विधायक ने पार्टी बदलने की बात को किया खारिज

नेताओं से शिष्टाचार मुलाकात कोई गुनाह नहीं: बब्बन

सपा जिलाध्यक्ष ने भी पार्टी में शामिल होने से किया इनकार

चंदौली जिले की राजनीति में उस समय अचानक हलचल बढ़ गई, जब मुगलसराय के पूर्व विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता बब्बन चौहान की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगी। इस तस्वीर में बब्बन चौहान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ नजर आ रहे हैं। फोटो के सामने आते ही जिले के राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोर पकड़ने लगी कि बब्बन चौहान भाजपा छोड़कर सपा का दामन थाम सकते हैं।

बेटों के साथ अखिलेश यादव से की थी मुलाकात
जानकारी के अनुसार, वायरल हो रही इस तस्वीर में पूर्व विधायक बब्बन चौहान अपने बेटों के साथ सपा प्रमुख अखिलेश यादव से एक कमरे में मुलाकात करते दिख रहे हैं।  जैसे ही यह फोटो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर शेयर हुई, वैसे ही कयासबाजी का दौर शुरू हो गया। लोग तरह-तरह के अंदाज़ लगाने लगे कि क्या चंदौली में भाजपा को कोई बड़ा झटका लगने वाला है।

बब्बन चौहान की सफाई: 'भाजपा में हूं और भाजपा में रहूंगा'
इन सभी चर्चाओं और अफवाहों पर विराम लगाते हुए पूर्व विधायक बब्बन चौहान ने खुद सामने आकर पूरी बात साफ की। उन्होंने पार्टी बदलने की सभी अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया। बब्बन चौहान ने कहा, "हम भारतीय जनता पार्टी के सच्चे और सक्रिय कार्यकर्ता हैं, पार्टी छोड़ने का सवाल ही पैदा नहीं होता। हम राजनीति में हैं और पक्ष-विपक्ष सभी नेताओं से मिलना-जुलना लगा रहता है। अखिलेश यादव जी से मिलना कोई गुनाह नहीं है। यह सिर्फ एक शिष्टाचार मुलाकात थी, जिसे राजनीतिक रंग देना गलत है।"

सपा जिलाध्यक्ष ने भी स्थिति की स्पष्ट
वहीं दूसरी तरफ, इस पूरे मामले पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने भी अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक बब्बन चौहान के समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बारे में उनके पास कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। उन्होंने साफ किया कि पार्टी स्तर पर ऐसा कोई कार्यक्रम या फैसला तय नहीं हुआ है, जिससे यह कहा जा सके कि बब्बन चौहान सपा की सदस्यता लेने जा रहे हैं।

चर्चाओं का बाजार गर्म, पर स्थिति हुई साफ
आपको बता दें कि बब्बन चौहान मुगलसराय सीट से विधायक रह चुके हैं और चंदौली जिले की राजनीति में उनका अच्छा-खासा प्रभाव माना जाता है। फिलहाल इस वायरल फोटो को लेकर जिले भर में तरह-तरह की बातें जरूर हो रही हैं, लेकिन भाजपा और सपा दोनों ही पक्षों की ओर से बयान आने के बाद पार्टी बदलने की खबरों पर विराम लग गया है।