बबुरी बाजार में 'सेवा संकल्प अभियान': PM मोदी का जन्मदिन पर नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में हुआ हवन, लाभार्थियों को बांटे गए स्वीकृति पत्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर चंदौली के बबुरी बाजार में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत रक्तदान शिविर, लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरण और मंदिर में विशेष पूजन-हवन का आयोजन किया गया।
बबुरी में पीएम मोदी का जन्मदिन
सांसद साधना सिंह की मुख्य सहभागिता
रक्तदान शिविर में भारी उत्साह
लाभार्थियों को बांटे गए प्रमाण पत्र
नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजन
चंदौली जिले के मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बबुरी बाजार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान सेवा, जनकल्याण और सामाजिक सरोकार से जुड़ी कई गतिविधियों का आयोजन हुआ, जिसमें चंदौली की सांसद साधना सिंह ने मुख्य रूप से भाग लिया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भारी मौजूदगी रही।
रक्तदान शिविर में युवाओं ने दिखाया उत्साह
अभियान के अंतर्गत बबुरी बाजार में एक विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया और मानव सेवा का संदेश दिया। रक्तदान करने वाले लोगों ने इसे एक बड़ी सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि जरूरतमंदों की जान बचाने के लिए हर नागरिक को इस तरह के कार्यों के लिए आगे आना चाहिए।
लाभार्थियों को बांटे गए प्रमाण पत्र
कार्यक्रम के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के पात्र लोगों को संबंधित दस्तावेज सौंपे गए। साथ ही उपस्थित लोगों को अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जरूरी मार्गदर्शन और जानकारी भी दी गई।
मंदिर में हवन-पूजन और केक काटकर मनाया जन्मदिन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर उपस्थित लोगों ने बड़े उत्साह के साथ केक काटा और उनके लंबे तथा स्वस्थ जीवन की प्रार्थना की। वहीं, बबुरी बाजार स्थित प्रसिद्ध नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और यज्ञ का आयोजन किया गया। वैदिक विधि-विधान से पूजन कर देश की सुख-समृद्धि, उन्नति और प्रधानमंत्री के दीर्घायु होने की कामना की गई।