विधायक जी कभी दुलहीपुर इलाके की इस सड़क की बदहाल स्थिति का ले लीजिए जायजा, कीचड़ और गड्ढों में रोज फंस रही हैं गाड़ियां
करवत FCI गोदाम से रामनगर तक सड़क की बुरी हालत
कीचड़ और गड्ढों में रोजाना फंसते हैं वाहन
ग्रामीणों में सड़क की खराब स्थिति को लेकर आक्रोश
चंदौली जिले के मुगलसराय के भाजपा विधायक रमेश जायसवाल का फोकस सड़कों पर खूब है। वह अपने विधानसभा क्षेत्र की सड़कों को सजाने संवारने का काम कर रहे हैं। हर महीने दर्जनों सड़कों का शिलान्यास व लोकार्पण करने की जानकारी साजा करते हैं, लेकिन ऐसा लगता है कि विधायक जी की नजर इस सड़क पर नहीं पड़ी है, जिससे दुलहीपुर में करवत एफसीआई गोदाम से रामनगर तक जाने वाला मार्ग बदहाल है। देखरेख की कमी और मरम्मत के अभाव में बरसाती पानी के कारण पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी है। इस सड़क पर गड्ढों और कीचड़ में रोजाना 10 से अधिक वाहन फंस जाते हैं, जिससे लोग घायल भी हो रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग लगभग बीस वर्षों से मरम्मत की प्रतीक्षा कर रहा है। यह सड़क मुहम्मदपुर, बगही, रेलवे कालोनी, व्यासनगर रेलवे स्टेशन, साहुपूरी हाइडिल, पुरैनी, धोबिया के पूरा, नीबूपुर, चांदीतारा आदि गांवों को जोड़ती है। साथ ही, व्यासनगर स्टेशन पर कोयला, चावल, प्याज और गेहूं का रैक भी लगता है। इस मार्ग पर पांच सौ से अधिक ट्रकों का आवागमन होता है और दर्जनों स्कूलों के वाहन भी गुजरते हैं।
बताते चलें कि ग्रामीण नागेंद्र यादव, रमेश कुमार, सुरेन्द्र सिंह, नौशाद अहमद, रविशेखर पटेल, अभिषेक तिवारी और पन्ना चौहान ने बताया कि मार्ग की हालत इतनी खराब है कि वाहन धंस जाते हैं और पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। जून में मार्ग पर जेसीबी लगाकर गिट्टी डाल दी गई थी, लेकिन बरसात में यह टूट-फूट के कारण सैकड़ों गड्ढे बन गए हैं। व्यासनगर स्टेशन से करवत तक का एक किलोमीटर का मार्ग सबसे खराब स्थिति में है। वाहन सवारों को इसे तय करने में 20 से 25 मिनट लग जाते हैं।
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन राजेश कुमार ने बताया कि इस मार्ग के लिए टेंडर हो चुका है और ठेकेदार द्वारा कार्य कराया जा रहा है। हालांकि, बारिश के कारण निर्माण कार्य में बाधा आ रही है। उन्होंने ग्रामीणों से थोड़ी सहनशीलता और धैर्य रखने का अनुरोध किया।
ग्रामीण उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही यह सड़क सुचारू और सुरक्षित बन जाएगी, ताकि वाहनों और पैदल यात्रियों को राहत मिल सके।