चुनाव हारते ही अनर्गल बयानबाजी करने लगता है विपक्ष, भाजपा जिला अध्यक्ष काशीनाथ सिंह का दावा का बड़ा बयान
चंदौली भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में नेताओं ने विपक्ष को आड़े हाथों लिया। भाजपा नेताओं का आरोप है कि हार के डर और मुद्दों की कमी के कारण विपक्षी दल चुनाव आयोग को बदनाम कर जनता में भ्रम फैला रहे हैं।
चंदौली भाजपा कार्यालय में हुई प्रेस वार्ता
चुनाव आयोग को बदनाम कर रहा विपक्ष
विपक्षी दलों के पास मुद्दों का अभाव
संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल गलत
जनकल्याणकारी नीतियों के दम पर भाजपा
चंदौली जिले के नगर पंचायत स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में सोमवार को एक अहम प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस प्रेस वार्ता की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने की। कार्यक्रम में जिले के प्रमुख भाजपा नेता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रेस वार्ता के दौरान नेताओं ने विपक्षी दलों की कार्यशैली पर जमकर सवाल उठाए।
संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने की साजिश
प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा नेताओं ने सीधे तौर पर विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी चुनाव परिणाम आते हैं, तो विपक्ष अपनी हार स्वीकार करने के बजाय चुनाव आयोग पर सवाल उठाने लगता है। नेताओं का कहना था कि चुनाव आयोग एक निष्पक्ष और संवैधानिक संस्था है, लेकिन विपक्षी दल जनता के बीच भ्रम फैलाकर इसकी विश्वसनीयता को ठेस पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
हार के बाद शुरू हो जाती है अनर्गल बयानबाजी
भाजपा जिला अध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि जब विपक्षी दलों को चुनाव में जनता का समर्थन नहीं मिलता, तो वे अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए सत्ता पक्ष और संवैधानिक संस्थाओं पर बेबुनियाद आरोप लगाने लगते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी समस्या या विषय पर केवल तथ्यात्मक और संवैधानिक दायरे में रहकर ही बात की जानी चाहिए, न कि हवा-हवाई आरोप लगाए जाएं।
मुद्दों से भटक चुका है विपक्ष
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबलि सिंह ने भी विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि आज विपक्षी खेमे के पास जनता के बीच ले जाने के लिए कोई ठोस मुद्दा ही नहीं बचा है। यही वजह है कि वे चुनाव आयोग को निशाना बनाकर लोगों को गुमराह करने में जुटे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि चुनाव से जुड़ी किसी भी शिकायत के निवारण के लिए देश में एक तय कानूनी और संवैधानिक व्यवस्था मौजूद है।
विकास और नीतियों की राजनीति पर जोर
प्रेस वार्ता में चकिया नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव और सैयदराजा नगर पंचायत अध्यक्ष आभा जायसवाल ने भी विचार रखे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देशहित और जन-कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। नेताओं ने विपक्ष को सलाह दी कि वे चुनाव आयोग को बदनाम करने के बजाय विकास और जनहित के असली मुद्दों पर आकर चर्चा करें। इस दौरान मीडिया प्रभारी हरिश्चंद्र अग्रहरि सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।