हमारा विद्यालय-हमारा स्वाभिमान अभियान : पंच संकल्प व पोस्टर का बीएसए ने किया विमोचन
1 सितंबर को होगा विशेष कार्यक्रम
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की अनूठी पहल
बीएसए सचिन कुमार को दी गई पूरी जानकारी
चंदौली जिले में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ द्वारा आगामी 1 सितंबर को “हमारा विद्यालय-हमारा स्वाभिमान” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को महासंघ के पदाधिकारियों ने बीएसए सचिन कुमार से मुलाकात की और उन्हें संपूर्ण कार्यक्रम की जानकारी दी। इस दौरान पंच संकल्प, पोस्टर एवं स्टीकर का विमोचन भी किया गया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य शिक्षा को केवल ज्ञान तक सीमित न रखकर चरित्र निर्माण व समाज सेवा का माध्यम बनाना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी और शिक्षक मिलकर विद्यालय को स्वच्छ, अनुशासित और हरित बनाने का संकल्प लेंगे।
जिला महामंत्री इम्तियाज खान ने बताया कि 1 सितंबर को शिक्षक व विद्यार्थी सामूहिक रूप से पंच संकल्प लेंगे, जिसमें विद्यालय में भेदभाव रहित माहौल बनाने और समान भाव से सीखने-सिखाने की प्रतिबद्धता प्रमुख होगी।
इस मौके पर कोषाध्यक्ष फैयाज अहमद, संगठन मंत्री आदित्य सिंह, कार्यक्रम संयोजक अभिषेक सिंह, रीता पाण्डेय, धीरेन्द्र सिंह, अवधेश सिंह, सर्वेश नंदन त्रिपाठी, कृष्णनंदन मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।