नाबालिग पीड़िता की बहादुरी का हुआ सम्मान, मिशन शक्ति 5.0 का चंदौली में आगाज
चंचल कुमारी ने सुनाई अपनी कहानी
परिवार वाले करना चाहते थे बाल विवाह
कैसे प्रशासन के सहयोग से आगे का लिया फैसला
अब बन गयी है दूसरों के लिए रोल मॉडल
चंदौली जिले में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे 'मिशन शक्ति' अभियान का पाँचवा चरण, 'मिशन शक्ति 5.0', चंदौली जिले में धूमधाम से शुरू हुआ। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में, चकिया क्षेत्र की एक बहादुर छात्रा चंचल कुमारी को उसकी हिम्मत और संघर्ष के लिए एडीजी पीयूष मार्डिया और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा सम्मानित किया गया।
चंचल कुमारी की कहानी सुनकर कार्यक्रम में मौजूद सभी लोग भावुक हो गए। आज कक्षा 11 में पढ़ रही चंचल ने बताया कि जब वह आठवीं कक्षा में थी, तब उसके परिवार वाले उसका बाल विवाह कराना चाहते थे। लेकिन उसने हार नहीं मानी और प्रशासन से मदद लेकर अपने इस 'मिशन' को सफल बनाया।
बाल विवाह को रोका, अब दूसरों को कर रही है जागरूक
चंचल ने न सिर्फ अपने भविष्य को बचाया, बल्कि अब वह दूसरों के लिए एक प्रेरणा बन गई है। वह अपनी कहानी से सबक लेकर, गांव-गांव जाकर दूसरी नाबालिग लड़कियों और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर रही है। चंचल अब पीड़ितों और वंचितों के लिए एक 'रोल मॉडल' बन चुकी है और उनके लिए एक 'हथियार' की तरह काम कर रही है। उसके इस सराहनीय कार्य के लिए उसे कई बार सम्मानित भी किया जा चुका है।
पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध
कार्यक्रम में एडीजी पीयूष मार्डिया ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए पुलिस हर जरूरी कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस गांव-गांव जाकर भी लोगों को जागरूक करेगी ताकि महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा और स्वावलंबन सुनिश्चित हो सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मिशन शक्ति 5.0 का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस मिशन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा देने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इस अभियान के तहत, उत्तर प्रदेश के 1663 थानों में महिला सुरक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं।
इस अवसर पर सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल, डीएम चंद्र मोहन गर्ग, एसपी आदित्य लांग्हे, मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साईं सहित कई आलाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने चंचल कुमारी की हिम्मत और जज्बे की सराहना की और उसे उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।