सैदूपुर से शुरू हुई BJP की सेवा संकल्प यात्रा: अलीनगर तिराहे पर तीनों विधायकों ने किया भव्य स्वागत

 

चंदौली के सैदूपुर से भाजपा की 'सेवा संकल्प यात्रा' का भव्य शुभारंभ हुआ। शहाबगंज मंडल से निकली इस यात्रा का चकिया और अलीनगर तिराहे पर विधायकों व कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया।

 
 

सैदूपुर से सेवा संकल्प यात्रा का शुभारंभ

विधायक कैलाश आचार्य ने संभाली यात्रा की कमान

अलीनगर तिराहे पर हुआ भव्य स्वागत

तीन विधायकों की मौजूदगी में आगे बढ़ी यात्रा

विकसित भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाना

भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित 'सेवा संकल्प यात्रा' का बुधवार को चंदौली जिले में भव्य आगाज हुआ। शहाबगंज मंडल के कार्यकर्ताओं ने सैदूपुर स्थित सहकारी समिति से मंडल अध्यक्ष रिंकू विश्वकर्मा के नेतृत्व में इस यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा की शुरुआत से ही भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली।

चकिया नगर में भव्य स्वागत, विधायक ने संभाली कमान
जैसे ही सेवा संकल्प यात्रा चकिया नगर की सीमा में पहुंची, वहां मौजूद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पूरी यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष रिंकू विश्वकर्मा समेत अन्य नेताओं को फूल-मालाओं से लाद दिया। इसके बाद चकिया विधायक कैलाश आचार्य स्वयं यात्रा में शामिल हुए और आगे की कमान संभाली।

अलीनगर तिराहे पर जुटे दिग्गज, तीन विधायकों की दिखी एकजुटता
यात्रा आगे बढ़ते हुए जब पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित अलीनगर तिराहे पर पहुंची, तो माहौल पूरी तरह से उत्सव जैसा हो गया। वहां मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल और सैयदराजा विधायक सुशील सिंह पहले से कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद थे। तीनों विधायकों और कार्यकर्ताओं ने मिलकर यात्रा का जोरदार स्वागत किया और फिर एक साथ आगे के गंतव्य के लिए रवाना हुए।

जनसेवा और विकसित भारत का संदेश पहुंचाना मुख्य मकसद
इस मौके पर भाजपा नेताओं ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा का मुख्य उद्देश्य जनसेवा, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण के भाव को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इस यात्रा के जरिए कार्यकर्ताओं को सेवा कार्यों से जोड़ने के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' के सपने को साकार करने का संदेश दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में मौजूद रहे कई वरिष्ठ पदाधिकारी
सेवा संकल्प यात्रा के दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष उमाशंकर सिंह, सोशल मीडिया प्रभारी चंद्रभूषण चतुर्वेदी, शहाबगंज मंडल महामंत्री मनोज श्रीवास्तव, राघवेंद्र प्रताप सिंह, राकेश मिश्रा, केसरी नंदन और अरविंद मोदनवाल समेत बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।