गंगा घाट पर छठ पूजन की तैयारी के दौरान बड़ा हादसा, गहरे पानी में डूबे 5 किशोर, 2 की हालत गंभीर
 

प्रशासन द्वारा तैनात किए गए गोताखोर तुरंत हरकत में आए और राहत कार्य शुरू किया। गोताखोरों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
 

 प्रशासन की मुस्तैदी से टली बड़ी त्रासदी

विजई के पूरा गंगा घाट पर 5 किशोरों को बचाया गया

गोताखोरों ने दिखाई तत्परता तो बच गयी सभी का जान

2 गंभीर किशोरों का BHU में इलाज जारी

चंदौली जनपद के बलुआ थाना इलाके के विजई के पूरा गांव के गंगा घाट पर रविवार की शाम छठ पर्व की तैयारियों के बीच एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घाट पूजन के दौरान कुछ किशोर निर्धारित बैरिकेटिंग (सुरक्षा घेरा) तोड़कर गंगा के गहरे पानी में नहाने उतर गए, तभी अचानक पाँच किशोर डूबने लगे। इससे घाट पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही, प्रशासन द्वारा तैनात किए गए गोताखोर तुरंत हरकत में आए और राहत कार्य शुरू किया। गोताखोरों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, दो किशोर— हर्धन गांव निवासी अमित प्रजापति (14 वर्ष) और सत्यम यादव (11 वर्ष)—गहरे पानी में डूब गए थे।

कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने दोनों को बाहर निकाला। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए, तहसीलदार सकलडीहा और थानाध्यक्ष बलुआ तुरंत मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को तत्काल बीएचयू अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उप जिलाधिकारी सकलडीहा कुंदन राज कपूर ने इस घटना की पुष्टि की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था मौजूद थी, लेकिन किशोरों ने बैरिकेटिंग तोड़कर खतरा मोल लिया। हालांकि, प्रशासन की तत्परता और गोताखोरों की तेजी से बड़ी जनहानि टल गई। घटना के बाद प्रशासन ने घाट पर सुरक्षा घेरे की निगरानी और सख्त कर दी है। गोताखोरों की समय पर कार्रवाई ने कई मासूम जिंदगियां बचा लीं।