चंदौली कॉन्क्लेव 2026: दूसरे दिन सरकारी अफसरों व पंचायत प्रतिनिधियों के साथ होगी चर्चा  ​​​​​​​

चंदौली जनपद को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए 'चंदौली कॉन्क्लेव 2026' का भव्य आगाज हो गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योगों की चुनौतियों पर विशेषज्ञों और जनप्रतिनिधियों ने खुलकर चर्चा की, ताकि जिले के भविष्य के लिए एक ठोस रणनीति तैयार की जा सके।

 

विकसित चंदौली के संकल्प के साथ तीन दिवसीय कॉन्क्लेव का दूसरा दिन

सरकारी अधिकारियों के साथ होगी चर्चा

पहले दिन सरकारी और निजी स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर सामंजस्य पर मंथन

दलगत राजनीति से ऊपर उठकर विकास पर एकजुट हुए जनप्रतिनिधि

उत्तर प्रदेश के उभरते जनपद चंदौली को 'विकसित भारत' की तर्ज पर 'विकसित चंदौली' बनाने के संकल्प के साथ 'चंदौली कॉन्क्लेव 2026' का शुक्रवार को शानदार आगाज हो गया। कार्यक्रम के दूसरे दिन जिले के अधिकारी जिले के विकास कार्यों के साथ-साथ लंबित परियोजनाओं और पहले से चल रही परियोजनाओं के रखरखाव के बारे में जानकारी देंगे। 

दूसरे दिन जिले के आलाधिकारियों के साथ-साथ जिले के पुलिस, विकास, कृषि, उद्यान, सिंचाई, सूचना और स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के साथ साथ जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायत से जुड़े लोगों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद साधना सिंह करेंगी। 

इसके पहले  बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस तीन दिवसीय कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य जिले के भविष्य का रोडमैप तैयार करना और विकास की चुनौतियों को दूर करना है। कार्यक्रम के पहले दिन जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद, चिकित्सक और उद्यमी एक मंच पर आए।

शिक्षा जगत: प्राथमिक से उच्च शिक्षा तक सुधार की दरकार
कॉन्क्लेव का पहला दिन पूरी तरह शिक्षा-चकित्सा-उद्योग जगत को समर्पित रहा। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि यदि चंदौली को शिक्षा का हब बनाना है, तो हमें बुनियादी ढांचे के साथ-साथ शिक्षकों के कौशल विकास पर भी ध्यान देना होगा। निजी स्कूलों की ओर से डॉ. विनय कुमार वर्मा और डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने तकनीकी शिक्षा और नवाचार के माध्यम से चंदौली के युवाओं को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने का सुझाव दिया। साथ ही साथ अंकित पांडेय ने भी जिले के शिक्षा का हब बनाने के लिए अपने विचार रखे।

महिला शिक्षा और सशक्तिकरण के मुद्दे पर शिक्षिका सुनीता तिवारी ने अपने विचार रखे। उन्होंने विशेष रूप से महिला शिक्षकों की समस्याओं को उठाया और जनप्रतिनिधियों से उन पर गंभीरता से विचार करने की मांग की। सत्र में यह निष्कर्ष निकला कि कौशल विकास ही वह चाबी है जिससे जिले का युवा स्वावलंबी बन सकता है।

चिकित्सा जगत पर भी हुयी चर्चा
शिक्षा के बाद जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गहन मंथन हुआ। विशेषज्ञों ने चर्चा की कि कैसे सरकारी और निजी डॉक्टर मिलकर जिले के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण इलाज पहुंचा सकते हैं। चिकित्सा जगत के विशेषज्ञों ने अपने पेशे के प्रति नैतिक जिम्मेदारी की बात की, साथ ही स्थानीय स्तर पर डॉक्टरों को आने वाली सुरक्षा चुनौतियों और प्रशासनिक सहयोग की जरूरत पर भी बल दिया। चर्चा का मुख्य केंद्र यह रहा कि चंदौली में मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर को कैसे अत्याधुनिक बनाया जाए ताकि मरीजों को वाराणसी या अन्य शहरों की ओर रुख न करना पड़े। साथ ही जिले में आयुर्वेदिक चिकित्सा के विकास पर चर्चा हुयी।

उद्योगों के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर
जिले में उद्योग से जुड़े लोगों ने जिले की स्थिति व संभावनाओं पर बात की। जिले में स्टार्टअप्स के लिए उपलब्ध सरकारी योजनाओं और बैंकों से मिलने वाले सहयोग की जानकारी दी। वक्ताओं ने युवाओं को प्रोत्साहित किया कि वे केवल नौकरी खोजने वाले न बनें, बल्कि स्टार्टअप के माध्यम से नौकरी देने वाले बनें।

राजनीतिक दलों और विचारकों का मिला साझा समर्थन
इस महामंथन में राजनीति और समाजसेवा से जुड़े कई बड़े चेहरे शामिल हुए। सांसद वीरेन्द्र सिंह, पूर्व सांसद रामकिशुन यादव, विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव और मनोज सिंह काका ने विकास के मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखी। इनके अलावा कांग्रेस पार्टी के नारायणमूर्ति ओझा सहित सपा-बसपा और कांग्रेस के अन्य पदाधिकारियों ने भी शिरकत की।

कार्यक्रम में मथुरा से आए स्वामी लोकेशानंद जी, लखनऊ से सूचना विभाग के पूर्व उपनिदेशक दिनेश गर्ग, पूर्व चिकित्साधिकारी डॉ. दिनेश कुमार उपाध्याय की उपस्थिति ने चर्चा को और अधिक समृद्ध बनाया। सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जिले के विकास के लिए सामूहिक प्रयास करना समय की मांग है।

चंदौली समाचार के सहयोगी अश्विनी मिश्रा, अतुल रत्न मिश्रा, अशोक जायसवाल, मिथिलेश कुमार, गोविंद केशरी, फैजान अहमद, सुशील तिवारी, कुलदीप चौधरी, अरुण मौर्या, सुजीत कुमार, पंकज चौधरी सहित कई सहयोगी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आशीष विद्यार्थी व अश्विनी मिश्रा ने किया।

कॉन्क्लेव के आयोजकों का मानना है कि इन तीन दिनों में जो सुझाव और निष्कर्ष निकलेंगे, उन्हें एक विस्तृत रिपोर्ट के रूप में शासन को भेजा जाएगा। कार्यक्रम में युवाओं की भारी भागीदारी यह दर्शाती है कि चंदौली का भविष्य बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार है। आज और कल में कृषि, पर्यटन और कानून व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा जारी रहेगी।