चंदौली कॉन्क्लेव: जल्द बनेगा नया विकास भवन, मुख्यमंत्री के सामने रखी जाएगी हर एक जायद मांग 

चंदौली कॉन्क्लेव के दूसरे दिन राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने जिले के विकास का खाका पेश किया। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि जो जिला कभी 'जीरो' पर था, आज वहां एशिया की सबसे बड़ी फिश मंडी और भव्य कलेक्ट्रेट जैसे निर्माण धरातल पर हैं।

 

एडिशनल एसपी ने किया दीप प्रज्वलित

विपक्षी सरकारों के कार्यकाल पर हमला

एशिया की सबसे बड़ी फिश मंडी की चर्चा

विकास भवन के लिए जमीन की तलाश पूरी

मुख्यमंत्री तक पहुंचाई जाएगी हर जायज मांग

चंदौली जिले में आयोजित तीन दिवसीय कॉन्क्लेव के दूसरे दिन का आगाज बेहद गरिमामय रहा। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ एडिशनल एसपी स्नेहा तिवारी और स्वामी लोकेशानंद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिले के प्रशासनिक अधिकारियों, जन-प्रतिनिधियों और प्रबुद्ध जनों की उपस्थिति ने आयोजन की महत्ता को और बढ़ा दिया। कॉन्क्लेव का उद्देश्य जिले की संभावनाओं और अब तक हुए विकास कार्यों पर चर्चा करना रहा।

सांसद साधना सिंह का तीखा हमला
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने जिले के राजनीतिक इतिहास और वर्तमान स्थिति की तुलना की। उन्होंने पुरानी सरकारों के दौर को याद करते हुए कहा कि एक समय था जब जिले की जायज मांगों के लिए संघर्ष करने पर लाठियां और डंडे मिलते थे। उन्होंने मीडिया की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि पत्रकारों के कैमरे और कलम उस दमनकारी दौर के गवाह रहे हैं। सांसद ने बिना किसी दल का नाम लिए कहा कि 10-15 साल तक सत्ता में रहने वालों ने जिले को केवल कागजों तक सीमित रखा।

"जीरो से शिखर" तक का सफर
साधना सिंह ने कहा कि 1997 में जिला बनने के बावजूद लंबे समय तक यह 'जीरो' पर ही खड़ा रहा। उन्होंने वर्तमान सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पिछले 9 वर्षों में जिला मुख्यालय की तस्वीर बदली है। आज चंदौली में एशिया की सबसे बड़ी 'फिश मंडी' आकार ले चुकी है। जिला कलेक्ट्रेट का शानदार भवन बन चुका है और अत्याधुनिक न्यायालय परिसर (कोर्ट) का निर्माण कार्य भी अंतिम चरणों में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक छोटा घर बनाने में भी समय लगता है, जबकि यहाँ तो पूरे जिले को सजाने और संवारने का संकल्प लिया गया है।


विकास की भावी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए सांसद ने बताया कि विकास भवन के लिए उपयुक्त जमीन की तलाश पूरी कर ली गई है और जल्द ही इसका निर्माण शुरू होगा। इसके साथ ही रोडवेज अड्डे का काम भी तेजी से चल रहा है। उन्होंने मंच से आश्वस्त किया कि मीडिया और जनता की जो भी जायज मांगें हैं, उन्हें मुख्यमंत्री तक प्रमुखता से पहुंचाया जाएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जिले के विकास के लिए जो सपने देखे गए हैं, वर्तमान सरकार उन्हें निश्चित रूप से पूरा करेगी।