चंदौली से 'किसान अधिकार यात्रा' शुरू करेगी कांग्रेस, पूर्वांचल के 7 जिलों में हुंकार भरने का प्लान
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पूर्वी जोन में ‘किसान अधिकार यात्रा’ निकालने जा रही है। 10 अक्टूबर को चंदौली से शुरू होने वाली इस यात्रा को प्रदेश अध्यक्ष अजय राय हरी झंडी दिखाएंगे।
चंदौली से शुरू होगी किसान अधिकार यात्रा
10 से 16 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
अजय राय हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना
MSP और भूमि अधिग्रहण बनेंगे मुख्य मुद्दे
पूर्वांचल के 7 प्रमुख जिलों से गुजरेगी यात्रा
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए कांग्रेस ने बड़ा सियासी दांव खेला है। पार्टी पूर्वी उत्तर प्रदेश में किसानों के मुद्दों को लेकर ‘किसान अधिकार यात्रा’ निकालने जा रही है। इस यात्रा की शुरुआत आगामी 10 अक्टूबर को चंदौली जिले से होगी, जो 16 अक्टूबर तक जारी रहेगी।
अजय राय दिखाएंगे हरी झंडी, गांव-गांव होगा संवाद
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय चंदौली पहुंचकर इस यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कांग्रेस पार्टी के अनुसार, इस यात्रा का मुख्य मकसद सिर्फ बड़ी जनसभाएं करना नहीं, बल्कि गांव-गांव जाकर किसानों से सीधा संवाद कायम करना है। पार्टी नेता किसानों के घर-घर पहुंचकर उनकी जमीनी समस्याओं को सुनेंगे।
MSP और मुआवजे जैसे प्रमुख मुद्दे उठाएगा संगठन
सात दिनों तक चलने वाले इस विशेष अभियान में कांग्रेस कई ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। इसमें फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की गारंटी, भूमि अधिग्रहण, सर्किल रेट में बढ़ोतरी, किसानों को सही मुआवजा दिलाने और कृषि नीतियों से जुड़ी समस्याएं मुख्य रूप से शामिल होंगी।
पूर्वांचल के इन 7 जिलों से होकर गुजरेगी यात्रा
कांग्रेस की ‘किसान अधिकार यात्रा’ का रूट पूर्वांचल के प्रमुख जिलों को कवर करेगा। चंदौली से शुरू होकर यह यात्रा वाराणसी, जौनपुर, बस्ती, गोरखपुर और देवरिया होते हुए कुशीनगर में समाप्त होगी। यात्रा के जरिए कांग्रेस पूर्वी उत्तर प्रदेश में किसान वोट बैंक को साधने और संगठन में नई जान फूंकने की कोशिश में है।