चंदौली में डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर हुआ सक्रिय, फोन से 18 वर्ष के वोटर जोड़ सकते हैं अपना नाम, टोल-फ्री नंबर 05412-1950 पर सुबह 8 से रात 8 बजे तक मिलेगी मदद
चंदौली में DCC सक्रिय, 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में जुड़ेगा, टोल-फ्री 05412-1950 पर सुबह 8 से रात 8 बजे तक मिलेगी निर्वाचन संबंधी हर जानकारी।
चंदौली में डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर हुआ सक्रिय
01-01-2027 को 18 वर्ष पूर्ण युवाओं का नाम जुड़ेगा
टोल-फ्री हेल्पलाइन 05412-1950 पर मिलेगी जानकारी
सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक होगा संचालन
फॉर्म-6, EPIC और BLO की मिलेगी जानकारी
चंदौली जिले में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एवं जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार के आदेशानुसार, अर्हता दिनांक 01-01-2027 के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवा नागरिकों का नाम पहली बार मतदाता सूची में दर्ज कराने तथा निर्वाचन से संबंधित समस्त जानकारियाँ उपलब्ध कराने हेतु जनपद में डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर (DCC) को पूर्णतः सक्रिय कर दिया गया है।
सुबह 8 से रात 8 बजे तक होगा संचालन
प्रशासन द्वारा जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए इस केंद्र का संचालन प्रतिदिन प्रातः 08:00 बजे से रात्रि 08:00 बजे तक किया जा रहा है। जनपद के नागरिक घर बैठे ही निर्वाचन संबंधी किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 05412-1950 पर संपर्क कर सकते हैं।
*हेल्पलाइन के माध्यम से उपलब्ध प्रमुख सेवाएं*
हेल्पलाइन के माध्यम से अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने (फॉर्म-6) की प्रक्रिया की जानकारी मिलेगी। विधानसभा मतदाता सूची में नाम की जाँच, विवरण में संशोधन तथा मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) से जुड़ी समस्याओं का समाधान होगा। मतदान केंद्र, बीएलओ (BLO) की जानकारी एवं आयोग के अन्य दिशा-निर्देशों से संबंधित त्वरित सहायता भी दी जाएगी।
प्रशासन ने की अपील
जिला प्रशासन ने जनपद के सभी पात्र युवाओं एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने या किसी भी प्रकार की निर्वाचन संबंधी शंका के निवारण हेतु टोल-फ्री नंबर 05412-1950 का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
इस सुविधा से अब युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। घर बैठे फोन पर ही सारी जानकारी मिल जाएगी और उनकी समस्या का समाधान भी हो जाएगा।