सबसे ज्यादा खर्चा करके हार गए महेन्द्र नाथ पांडेय, जानिए कौन कितना बहाया पैसा
​​​​​​​

चंदौली जिले में लोकसभा चुनाव में खर्च करने के मामले में भाजपा प्रत्याशी डॉक्टर महेंद्रनाथ पांडेय सबसे आगे रहने के बावजूद चुनाव हार गए तो वहीं  दूसरे नंबर वाले सपा प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह ने बाजी मार ली।
 

चंदौली लोकसभा चुनाव में खर्चा

भाजपा प्रत्याशी डॉक्टर महेंद्रनाथ पांडेय सबसे आगे

दूसरे नंबर पर रहे सपा प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह

अन्य लोगों ने भी खर्च की अच्छी खासी रकम 

 

चंदौली जिले में लोकसभा चुनाव में खर्च करने के मामले में भाजपा प्रत्याशी डॉक्टर महेंद्रनाथ पांडेय सबसे आगे रहने के बावजूद चुनाव हार गए तो वहीं  दूसरे नंबर वाले सपा प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह ने बाजी मार ली। वहीं बसपा उम्मीदवार सत्येंद्र कुमार खर्चे के मामले में तीसरे नंबर पर रहे। 

जहां तक डॉक्टर महेंद्रनाथ पांडेय का सवाल है, उन्होंने पूरे चुनाव में लगभग 72 लाख रुपये खर्च करने का हिसाब किताब पेश किया है। इंडिया गठबंधन (सपा) उम्मीदवार वीरेंद्र सिंह ने 38 लाख खर्च करने का विवरण दिया है।

इस बारे में जानकारी देते हुए जिले के मुख्य कोषाधिकारी हरिश्चंद्र ने बताया कि 25 से 29 जून के बीच प्रत्याशियों के चुनाव खर्च का लेखा मिलान करने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। विभिन्न दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों के एजेंटों ने पिछले दिनों प्रेक्षकों की मौजूदगी में लेखा मिलान के दौरान चुनाव खर्च का विवरण दिया था। हालांकि 25 से 29 जून के बीच अंतिम व्यय का अकाउंट देखने के बाद ही सही तस्वीर सामने आएगी। जिले में सातवें और अंतिम चरण एक जून को मतदान था । प्रत्याशियों के चुनावी खर्च पर नजर रखने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला प्रशासन ने मुख्य कोषाधिकारी के नेतृत्व में व्यय लेखा टीम गठित की थी। समय-समय पर खर्च का लेखा मिलान किया जाता रहा।

 मतदान से दो दिन पहले व्यय प्रेक्षक ऋषि कुमार बिसेन और जिला निर्वाचन अधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे की मौजूदगी में व्यय अनुवीक्षण सेल में चंदौली सीट पर जोर आजमाइश कर रहे विभिन्न दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों के चुनाव खर्च का लेखा मिलान किया गया। भाजपा प्रत्याशी डॉक्टर महेंद्रनाथ पांडेय ने 72 लाख, इंडिया गठबंधन (सपा) उम्मीदवार वीरेंद्र सिंह ने 38 लाख सात हजार और बसपा के सत्येंद्र कुमार ने नौ लाख 83 हजार रुपये का चुनाव खर्च दिखाया था।

 इसके अलावा जिले में चुनाव लड़ रहे निर्दलीय रामगोविंद ने 46430, शोभनाथ ने 63909, संजय कुमार सिन्हा ने 93350, राजेश विश्वकर्मा ने 51170, अरविंद पटेल ने 46000, शेर सिंह ने 40880 और संतोष कुमार ने 62100 रुपये का खर्च दिखाया दिया है।