परिवार की रजामंदी न मिलने पर आत्मघाती कदम: जेल से छूटे युवक ने प्रेमिका के साथ जहर खाकर जान देने की कोशिश
चंदौली के चकिया थाना क्षेत्र की दीरेहु पहाड़ी पर प्रेमी युगल ने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। युवक को पहले भी पास्को एक्ट के तहत जेल भेजा गया था। गंभीर हालत में दोनों वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर। चंदौली घटना और प्रेम प्रसंग से जुड़ी पूरी जानकारी।
चंदौली जिले की दीरेहु पहाड़ी पर प्रेमी युगल ने खाया जहर
आत्महत्या के प्रयास के बाद हालत गंभीर
दोनों को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर के लिए किया गया रेफर
घटना के बाद इलाके में सनसनी
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। चकिया थाना क्षेत्र की दीरेहु पहाड़ी पर गुरुवार की सुबह एक प्रेमी युगल द्वारा जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों को अचेत अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है।
सुबह की सैर पर निकले युवकों ने दी सूचना
यह घटना गुरुवार की सुबह तब प्रकाश में आई, जब सुबह की सैर और दौड़ लगाने निकले युवकों ने पहाड़ी पर दोनों को जमीन पर गिरा हुआ देखा। युवकों ने तत्काल इसकी सूचना चकिया कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रेमी युगल को अचेत अवस्था में जिला संयुक्त अस्पताल चकिया में भर्ती कराया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, युवक की पहचान दीरेहु निवासी राज सोनकर के रूप में हुई है, जबकि युवती पास के ही एक वार्ड की बताई जा रही है। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। घटना स्थल से पुलिस ने चूहे मारने की दवा का रैपर भी बरामद किया है।
प्रेम संबंध और पारिवारिक दबाव
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि राज सोनकर और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। दोनों के बीच गहरा लगाव था, लेकिन परिवारों की रजामंदी न मिलने के कारण दोनों के बीच लगातार तनाव चल रहा था। इसी सामाजिक और पारिवारिक दबाव के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।
यह मामला तब और गंभीर हो जाता है, जब स्थानीय सूत्रों से पता चला कि युवक राज सोनकर का आपराधिक इतिहास रहा है, जो इसी प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि राज सोनकर ने पूर्व में युवती को भगाकर ले गया था, जिसके बाद परिजनों की तहरीर पर उस पर पास्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा गया था। आरोपी प्रेमी पर 2 अगस्त को गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई भी हुई थी। युवक हाल ही में मार्च माह में जेल से रिहा हुआ था।
पुलिस कर रही मामले की जांच
गुरुवार की सुबह दोनों एक बार फिर मिले और अपने प्रेम संबंध की समस्याओं से तंग आकर दीरेहु पहाड़ी पहुंचे, जहां उन्होंने जान देने की कोशिश की।
घटना की सूचना मिलते ही दोनों के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ वाराणसी ट्रामा सेंटर में दोनों की स्थिति जानने के लिए पहुंच रही है।
चकिया सीओ रघुराज ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग में उठाए गए आत्मघाती कदम का प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। इस घटना के बाद से गांव और चकिया क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।