चंदौली समाचार से सीधी बात : CO साहब नहीं झेल पाते हैं भाजपा का लोड और सपा नेताओं जोश, मैं मुकदमों से डरने वाला नहीं

 

चंदौली में किसानों की समस्याओं को लेकर हुए सपा के धरने के बाद पुलिस ने पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू समेत 250 लोगों पर केस दर्ज किया है। मनोज सिंह ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे सरकार की दमनकारी नीति बताया है।

 
 

सपा कार्यकर्ताओं पर पुलिसिया कार्रवाई

नौ नामजद और ढाई सौ अज्ञात पर केस

भाजपा के दबाव में मुकदमे का आरोप

नहरों में पानी के लिए हुआ प्रदर्शन

कार्यकर्ताओं को जमानत दिलाएगी सपा

चंदौली में सियासी पारा एक बार फिर चढ़ गया है। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के नेतृत्व में हुए कल के प्रदर्शन को लेकर प्रशासन ने सख्त रवैया अपनाया है। पुलिस ने नौ लोगों को नामजद करते हुए करीब 250 अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इन पर पुलिस के साथ धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, मनोज सिंह डब्लू ने इन सभी आरोपों को मनगढ़ंत बताया है और पुलिस से इसका सबूत माँगा है।

सीओ साहब को लेकर दिया बड़ा बयान
 इंटरव्यू के दौरान मनोज सिंह डब्लू ने सदर क्षेत्राधिकारी देवेन्द्र कुमार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पुलिस के साथ कोई धक्का-मुक्की नहीं हुई है। उन्होंने तो एडीएम साहब से यहाँ तक कह दिया था कि सीओ साहब को धरने में न भेजा जाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सीओ साहब ब्लड प्रेशर के मरीज हैं और वे भाजपा के दबाव और सपा कार्यकर्ताओं का जोश झेल नहीं पाते हैं। भीड़ का लोड न संभाल पाने के कारण ही उनकी बीपी बढ़ जाती है और वे अपनी खुन्नस निकालने के लिए ऐसे मुकदमे कर रहे हैं।

भाजपा नेताओं की स्क्रिप्ट पर काम करती है पुलिस
मुकदमे पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि पुलिस वही लिख रही है जो भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय से लिख कर आ रहा है। सरकार चाहती है कि कोई किसान, नौजवान या महिला अपनी आवाज न उठाए। उन्होंने साफ कहा कि जब गाजीपुर में गंगा नहर चल रही है, तो चंदौली में पानी क्यों नहीं है? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी पैसे का बंदरबांट करने के लिए किसानों को अनदेखा किया जा रहा है। नहरों में दरारें हैं और किसान परेशान हैं।

मुकदमों से नहीं डरती समाजवादी पार्टी 
मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि भाजपा सरकार में यह उन पर 18वाँ मुकदमा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इन मुकदमों से न डरें। अगर उन पर 1800 मुकदमे भी हो जाएं, तब भी वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि जिन 250 अज्ञात लोगों पर केस हुआ है, समाजवादी पार्टी उन सभी की जिम्मेदारी लेती है। पार्टी खुद उनकी जमानत कराएगी और मजबूती के साथ अपने कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी रहेगी।

जनता की लड़ाई रहेगी जारी 
आखिर में मनोज सिंह डब्लू ने दोहराया कि वे जनता की आवाज को लगातार उठाते रहेंगे। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि ऐसे झूठे मुकदमों से समाजवादियों का हौसला टूटने वाला नहीं है। चंदौली के किसानों और आम जनता के हक की लड़ाई वे आखिरी दम तक लड़ेंगे।