राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026: चंदौली में डीएम ने युवाओं को दिलायी शपथ, कहा- नए मतदाताओं को मिले ईपिक कार्ड

 

चंदौली में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने युवाओं से शत-प्रतिशत मतदान और बेटियों का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने की विशेष अपील की।

 
 

16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस का भव्य आयोजन

नए युवा मतदाताओं को ईपिक कार्ड वितरण

बेटियों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर जोर

उत्कृष्ठ बीएलओ और छात्र-छात्राएं सम्मानित

मतदाता जागरूकता रैली और नुक्कड़ नाटक का मंचन

चंदौली जिले में  "लोकतांत्रिक व्यवस्था तभी मजबूत हो सकती है, जब हमारी मतदाता सूची शुद्ध होगी। 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले प्रत्येक युवा, विशेषकर बेटियों का नाम सूची में होना अनिवार्य है।" यह आह्वान जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने रविवार को 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर किया।

भव्य शुभारंभ और जागरूकता रैली
पंडित कमलापति त्रिपाठी राजकीय महाविद्यालय परिसर में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया। इससे पूर्व, नगर के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेटों ने हाथों में स्लोगन लिखी पट्टियां और बैनर लेकर भव्य मतदाता जागरूकता रैली निकाली। इस रैली के माध्यम से पूरे नगर को मतदान के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दी वोट की महत्ता
महाविद्यालय परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना, देशभक्ति गीत और मतदाता गीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नुक्कड़ नाटक और भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने बहुत ही सरल ढंग से समझाया कि एक वोट देश की दिशा और नीतियां बदलने की ताकत रखता है।

युवाओं को मिला ईपिक कार्ड, बीएलओ सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने उन युवाओं को मतदाता पहचान पत्र (ईपिक कार्ड) सौंपे, जिन्होंने हाल ही में 18 वर्ष की आयु पूरी की है। इसके साथ ही, निर्वाचन कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सुपरवाइजरों और बीएलओ (BLO) को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

विजेता प्रतिभागी: पोस्टर प्रतियोगिता में खुशी (राजकीय महाविद्यालय), स्वागत गीत में कंपोजिट विद्यालय डेढ़ावल और रंगोली में रामकृष्ण विद्या मंदिर की छात्राओं को प्रथम स्थान प्राप्त करने पर प्रमाण पत्र दिए गए।

बेटियों के पंजीकरण पर विशेष जोर
अपने संबोधन में डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने एक महत्वपूर्ण सामाजिक बिंदु पर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद भी बेटियों का मतदाता पहचान पत्र नहीं बनवाया जाता। उन्होंने अभिभावकों और बीएलओ से अपील की कि वे सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र बेटी पंजीकरण से न छूटे। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, "यदि युवा अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं करेंगे, तो वे अपने अधिकारों और देश की नीतियों के बारे में कैसे जान पाएंगे?"

मतदाता सूची में सुधार का अवसर
उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि 25 जनवरी का यह दिन हमें हमारे नागरिक कर्तव्यों का बोध कराता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची का अवलोकन करें। यदि परिवार में किसी का नाम छूटा है या विवरण गलत है, तो तत्काल संबंधित बीएलओ या जिला निर्वाचन कार्यालय से संपर्क कर उसे ठीक कराएं।

अधिकारियों की उपस्थिति
कार्यक्रम का सफल संचालन स्वीप आइकन राकेश रोशन द्वारा किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, पीडी डीआरडीए बी.बी. सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र प्रताप, डीपीआरओ नीरज सिन्हा, बीएसए सचिन कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी और भारी संख्या में युवा मतदाता उपस्थित रहे। अंत में, सभी उपस्थित लोगों को निष्पक्ष और निर्भीक होकर मतदान करने की शपथ दिलाई गई।