चंदौली में लोडर लेकर घूम रहे हैं गिट्टी चोर: बिल्डिंग मटेरियल की दुकान से 5 ट्रॉली गिट्टी चोरी

 

चंदौली के बिछियां गांव में बिल्डिंग मटेरियल दुकान से चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने रात के अंधेरे में 5 ट्रॉली गिट्टी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित व्यवसायी ने पुलिस से कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है।

 
 

चंदौली में बिल्डिंग मटेरियल दुकान में चोरी

बिछियां गांव में 5 ट्रॉली गिट्टी चोरी

पुलिस ने शुरू की गिट्टी चोरी जांच

व्यापारियों में चोरी को लेकर भारी दहशत

सीसीटीवी फुटेज से खुलासे की उम्मीद

चंदौली जिले के बिछियां गांव में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जिसने स्थानीय व्यापारियों में दहशत फैला दी है। बिछियां निवासी रवींद्र नाथ ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उन्होंने हाल ही में बिल्डिंग मटेरियल की दुकान खोली है। दुकान के स्टॉक के लिए उन्होंने बिछियां गैस गोदाम के पास गिट्टी और बालू का भंडारण किया था।

क्या है पूरा मामला?
पीड़ित के अनुसार, 21 अप्रैल की रात को अज्ञात चोरों ने एक लोडर का उपयोग कर उनके स्टॉक से लगभग 5 ट्रॉली गिट्टी चोरी कर ली। सुबह जब वह मौके पर पहुंचे, तो सामान गायब देखकर सन्न रह गए। पीड़ित का आरोप है कि चोरी में निश्चित रूप से स्थानीय लोगों का हाथ है, जो रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया गया है।

सीसीटीवी और कॉल डिटेल से जांच की मांग
घटना के बाद पीड़ित रवींद्र नाथ ने चंदौली थाने में तहरीर दी है। उन्होंने पुलिस से गुहार लगाई है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाए। इसके अलावा, उन्होंने संदिग्धों की कॉल डिटेल निकालने की भी मांग की है ताकि दोषियों को जल्द पकड़ा जा सके और उनके माल की बरामदगी हो सके।

ऐसी चर्चा है कि चोरी कराने का मास्टरमाइंट पुलिस का मुखबिर व दलाल है, इसीलिए पुलिस के लोग मामले को दबाने की कोशिश कर रहे हैं और पीड़ित को बरगला व धमका रहे हैं। अगर ऐसे लोगों पर कार्रवाई नहीं हुयी तो नये कोतवाल की कार्यशैली पर भी सवाल उठेंगे। लोगों का कहना है कि इलाके के चौकी इंचार्ज सारे मामले को जानते हैं, लेकिन अब तक एक्शन जीरो है। 

पीड़ित ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए कहा है कि उनके द्वारा बताए गए संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जाए। फिलहाल, पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने स्थानीय व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है, जो अब अपने सामान की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।