संभल जाओ रीलबाजों! चंदौली में हथियारों और रंगदारी का वीडियो पोस्ट करने वाले जाएंगे जेल, SP का ये है ताजा अल्टीमेटम
चंदौली में सोशल मीडिया पर हथियार चमकाने, धमकी देने और दबंगई की रील बनाने वाले 36 से ज्यादा लोगों पर एसपी आकाश पटेल के निर्देश पर भारी एक्शन हुआ है। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से रीलबाजों में हड़कंप मच गया है।
सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाना पड़ा भारी
चंदौली में तीन दर्जन पर मुकदमा दर्ज
हथियारों का प्रदर्शन करने वाले जाएंगे जेल
एसपी आकाश पटेल का सख्त एक्शन प्लान
संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कड़ी नजर
चंदौली जिले में सोशल मीडिया पर खुद को रंगदार, दबंग और अपराधी छवि का दिखाने की कोशिश करने वाले युवकों के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ा और सख्त अभियान शुरू कर दिया है। चंदौली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) आकाश पटेल के कड़े निर्देश के बाद जिले के अलग-अलग थानों में अब तक तीन दर्जन से अधिक (36 से ज्यादा) लोगों के खिलाफ नामजद और अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से फेसबुक और इंस्टाग्राम पर अवैध हथियारों व धमकीभरे गानों के साथ रील बनाकर रसूख दिखाने वाले रीलबाजों में हड़कंप मच गया है।
इन थाना क्षेत्रों और आरोपियों पर गिरी पुलिस की गाज
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सदर कोतवाली क्षेत्र में ग्राम प्रहरी अजीत कुमार की शिकायत पर आरोपी आरिफ, तौहिद, आशीष यादव, मनीष यादव और संदीप शर्मा आदि के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इसी तरह उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार की तहरीर पर जगदीशसराय निवासी मुन्नागिरी उर्फ कैलाश नाथ गिरी और रजनीकांत गिरी पर कार्रवाई हुई है।
इसके अलावा उपनिरीक्षक तरुण कश्यप की शिकायत पर मुस्तफापुर के अलामू खान, बेलाल खान, शमशाद खान, आरिफ, शेराज खान, मखोदर दास, राजेंद्र, धीरज, उमराव, धर्मराज व अन्य पर मामला दर्ज हुआ है। वहीं, उपनिरीक्षक रावेन्द्र सिंह की तहरीर पर वाहन स्वामी मनीषा, राजकुमार, संध्या और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा हुआ है।
सैयदराजा थाना क्षेत्र के दुधारी गांव में रामनारायण पासवान की शिकायत पर 'किशन रंगदार' नामक युवक पर बाइक से गुट बनाकर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने और रील बनाने का आरोप है। उधर, शहाबगंज थाना क्षेत्र के केरायगांव में ग्राम प्रहरी शांता पासवान की तहरीर पर दो गुटों के सोनू, कासिम, बुल्लू, किताबु, संजू, आबिद, जाबिद (पहला गुट) और जिम्मा, शेरू, कल्लू, जाफर, लादेन, गुड्डू (दूसरा गुट) के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। इन पर आरोप है कि ये लोग व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए तुरंत भीड़ जुटाकर मारपीट शुरू कर देते हैं।
गांव के चौकीदारों और दरोगा की तहरीर पर हुई बड़ी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई स्थानीय हल्का दरोगा और गांवों के चौकीदारों (ग्राम प्रहरियों) से मिली पुख्ता तहरीर के आधार पर की गई है। सोशल मीडिया की जांच के दौरान यह पाया गया कि कई युवा केवल लाइक, कमेंट्स और फॉलोअर्स बढ़ाने के चक्कर में समाज में भय पैदा करने वाले वीडियो और रील शेयर कर रहे थे। पुलिस ने साफ किया है कि ऐसी हरकतों से समाज के ताने-बाने और कानून-व्यवस्था को गंभीर नुकसान पहुंचता है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
युवाओं से पुलिस की अपील: रील के चक्कर में न जाएं जेल
एसपी आकाश पटेल ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा है कि इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हथियारों का प्रदर्शन करना या लोगों को डराना-धमकाना कानूनन अपराध है। पुलिस की सर्विलांस टीम लगातार संदिग्ध अकाउंट्स की निगरानी कर रही है और उन्हें चिन्हित कर सीधे जेल भेजने की तैयारी है। पुलिस ने युवाओं और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का इस्तेमाल केवल सकारात्मक कार्यों और शिक्षा के लिए करें, न कि आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए।