147 केंद्रों पर 10 दिन बाद भी नहीं हुई एक छटांक की बोहनी; जानें कब से शुरू हो सकती धान की खरीद
2441 रुपये प्रति क्विंटल है एमएसपी
दो हजार किसानों ने कराया पंजीयन
नमी अधिक होने से रुकी आवक
20 से 25 नवंबर बाद तेजी की उम्मीद
चंदौली जिले में खरीफ विपणन वर्ष के तहत धान की सरकारी खरीद शुरू हुए दस दिन बीत चुके हैं, लेकिन क्रय केंद्रों पर अब भी सन्नाटा पसरा हुआ है। मंडी समिति में खुले केंद्रों पर गुरुवार को भी कर्मचारी दिन भर किसानों की राह ताकते रहे, मगर अभी तक एक छटांक धान की भी बोहनी नहीं हो सकी है। जिले में किसानों की उपज खरीदने के लिए बीते 2 नवंबर से कुल 147 क्रय केंद्रों का संचालन किया जा रहा है, लेकिन केंद्रों पर सन्नाटा टूटने का नाम नहीं ले रहा है।
25 नवंबर के बाद तेज होगी आवक
स्थानीय स्तर पर मिल रही जानकारी के मुताबिक, इलाके में अभी जहां-जहां धान की कटाई हो रही है, वहां फसल में नमी की मात्रा काफी अधिक है। नमी ज्यादा होने की वजह से किसान अभी अपनी उपज लेकर केंद्रों पर नहीं पहुंच रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि 25 नवंबर के बाद किसान सूखा धान लेकर खरीद केंद्रों पर आना शुरू करेंगे। गौरतलब है कि इस वर्ष सरकार ने धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।
जिले के किस ब्लॉक में खोले गए हैं कितने धान खरीद केंद्र?
प्रशासन ने किसानों की सुविधा के लिए पूरे जिले में 147 क्रय केंद्रों का जाल बिछाया है। जिला प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार, बरहनी में सबसे अधिक 32, चकिया में 23, चंदौली सदर में 22 और सकलडीहा में 18 क्रय केंद्र खोले गए हैं। इसके अलावा धानापुर में 15, शहाबगंज में 13, चहनियां में 11, नियामताबाद में सात और नौगढ़ में छह धान खरीद केंद्र संचालित किए जा रहे हैं।
2 हजार किसानों ने कराया पंजीयन, तहसीलों से हो रहा सत्यापन
धान बेचने के लिए किसानों की पंजीयन प्रक्रिया भी लगातार चल रही है। अब तक जिले के दो हजार किसानों ने अपनी उपज बेचने के लिए ऑनलाइन पंजीयन कराया है, जिनके गाटा का सत्यापन संबंधित तहसीलों के माध्यम से कराया जा रहा है। इस पूरे मामले पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल किसी भी केंद्र पर धान की खरीद नहीं हो सकी है। अब किसानों ने धान की कटाई तेज कर दी है और 20 नवंबर के बाद केंद्रों पर धान की आवक शुरू होने की पूरी उम्मीद है।