चंदौली के 3 विधानसभा क्षेत्रों को बड़ी सौगात, शादी-विवाह और आयोजनों के लिए 2.40 करोड़ से बनेंगे पंचायत उत्सव भवन
चंदौली में शादी, मुंडन और मांगलिक कार्यों के लिए अब भटकना नहीं पड़ेगा। योगी सरकार ने हर विधानसभा में पंचायत उत्सव भवन बनाने की मंजूरी दे दी है। सकलडीहा में काम चालू है, जबकि धानापुर, चकिया और मुगलसराय में भी जगह तय हो गई है।
तीन विधानसभा क्षेत्रों में उत्सव भवन मंजूर
सकलडीहा के सलेमपुर में छत तक पहुंचा निर्माण
सैदराजा के धानापुर में निविदा प्रक्रिया पूरी
1.41 करोड़ से बनेगा पंचायत उत्सव भवन
बहादुरपुर में बनेगा पार्क और खेल मैदान
चंदौली जिले के ग्रामीण इलाकों में शादी-विवाह, मुंडन या अन्य पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए अब लोगों को मैरिज हॉल के महंगे खर्च या जगह की किल्लत से नहीं जूझना पड़ेगा। काफी समय से गांव के लोग और जनप्रतिनिधि सरकार से मैरिज हॉल जैसी सुविधा वाले बारात घर की मांग कर रहे थे।
जनता की इस समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट ने हर विधानसभा क्षेत्र में एक-एक पंचायत उत्सव भवन बनाने का बड़ा फैसला लिया था। इसी क्रम में अब जिले के तीन और विधानसभा क्षेत्रों में निर्माण की तैयारी तेज हो गई है।
सकलडीहा में काम अंतिम चरण में, धानापुर में टेंडर पूरा
सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र के सलेमपुर में पंचायत उत्सव भवन के लिए पहले ही जमीन मिल गई थी, जहां निर्माण कार्य अब छत के स्तर तक पहुंच चुका है। वहीं सैदराजा विधानसभा क्षेत्र के धानापुर में भी जमीन चिन्हित कर ली गई है। जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) अविनाश कुमार ने बताया कि धानापुर में निर्माण कराने के लिए टेंडर (निविदा) की प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी कर ली गई है। इसके अलावा चकिया और मुगलसराय के लिए भी जमीन तय कर ली गई है।
1.41 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा एक भवन
शासन की ओर से प्रत्येक पंचायत उत्सव भवन के निर्माण पर 1.41 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस भवन के बन जाने से गांव के गरीबों और मध्यम वर्ग के परिवारों को काफी राहत मिलेगी।
उन्हें अपने मांगलिक कार्यक्रमों के लिए एक सस्ता, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से लैस स्थान मिल सकेगा। इससे गांव के बुनियादी ढांचे को भी मजबूती मिलेगी।
बहादुरपुर में 2.40 करोड़ से बनेगा पार्क व खेल का मैदान
मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र के पड़ाव स्थित बहादुरपुर में लगभग सवा बीघा जमीन चिन्हित की गई है। यहां पंचायत उत्सव भवन के साथ-साथ एक आधुनिक पार्क और खेल का मैदान भी विकसित किया जाएगा। पूरी परियोजना पर करीब 2.40 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। भवन निर्माण पर 1.41 करोड़ रुपये और बाकी बची जमीन पर 98 लाख रुपये की लागत से पार्क व खेल का मैदान बनेगा। एसडीएम राजेश कुमार वर्मा, तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव और विधायक प्रतिनिधि संजय पासवान ने मौके का जायजा भी लिया है। वहीं चकिया के नौगढ़ स्थित मलेवर गांव में भी भवन का प्रस्ताव पास हो चुका है।