चंदौली पुलिस ने छात्रों को दी नए आपराधिक कानूनों की जानकारी, साइबर सुरक्षा पर भी किया आगाह
नए आपराधिक कानूनों पर शुरू हुआ जागरूकता अभियान 2.0
छात्रों को बताया गया “दण्ड से न्याय की ओर” का महत्व
साइबर ठगी और फेक लिंक से बचने की दी सख्त चेतावनी
चंदौली जिले में उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के निर्देश पर पूरे प्रदेश में "नये आपराधिक कानूनों के प्रति जागरुकता अभियान- 2.0" चलाया जा रहा है। इसी क्रम में, 01 नवंबर, 2025 को पुलिस अधीक्षक आदित्य लाग्हें, के मार्गदर्शन में शिविर पुलिस लाइन चन्दौली में एक विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में पॉलिटेक्निक और तपोवन विद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र/छात्राओं और शिक्षकगणों ने हिस्सा लिया। पुलिस अधीक्षक महोदय ने इस अभियान की शुरुआत "दण्ड से न्याय की ओर" स्लोगन के साथ की।
तीन नए कानूनों की विस्तार से जानकारी
कार्यक्रम का मुख्य फोकस तीन नए आपराधिक कानूनों— भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA)—के प्रावधानों की जानकारी देना था। पावर प्वाइंट के माध्यम से प्रस्तुति देकर छात्र/छात्राओं को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, तीनों कानूनों से संबंधित पम्पलेट (पर्चे) वितरित किए गए, जिसका उद्देश्य समाज में विधिक चेतना फैलाना है।
अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन, दिगम्बर कुशवाहा, ने बताया कि इन नए कानूनों में महिला और बाल संरक्षण के प्रावधानों पर विशेष ध्यान दिया गया है। क्षेत्राधिकारी सकलडीहा, स्नेहा तिवारी, ने छात्र-छात्राओं को जीरो एफआईआर और ई-एफआईआर जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं के बारे में भी जागरूक किया।
साइबर सुरक्षा पर सख्त चेतावनी
नए कानूनों की जानकारी के साथ ही, छात्रों को साइबर जागरूकता के प्रति भी सतर्क किया गया। पुलिस अधीक्षक महोदय ने सख्त चेतावनी दी कि किसी भी अनजान लिंक या अज्ञात नंबर से आए संदेश या कॉल पर अपने बैंक विवरण, ओटीपी या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। छात्रों को केवाईसी अपडेट, इनाम जीतने, नौकरी या लोन देने के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से सतर्क रहने को कहा गया।
अगर कोई छात्र/छात्रा साइबर अपराध का शिकार हो जाते हैं, तो उन्हें तुरंत cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने को कहा गया ताकि समय रहते कार्यवाही की जा सके। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर फेक प्रोफाइल या आपत्तिजनक पोस्ट की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर देने के निर्देश दिए गए।
इस कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर (IPS) और पुलिस उपाधीक्षक अरुण कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।