RTE Admission 2026-27: चंदौली के निजी स्कूलों में फ्री एडमिशन का सुनहरा मौका, जानें चंदौली में दाखिले का पूरा शेड्यूल

 

चंदौली जनपद के निजी स्कूलों में आरटीई के तहत 25% सीटों पर मुफ्त दाखिले की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। 02 फरवरी से तीन चरणों में ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे।

 
 

02 फरवरी से प्रथम चरण के आवेदन शुरू

निजी स्कूलों में 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित

कक्षा-08 तक मुफ्त शिक्षा का प्रावधान

तीन अलग-अलग चरणों में निकलेगी लॉटरी

आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की सुविधा

चंदौली जनपद के अभिभावकों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना है। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) 2009 के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए निजी विद्यालयों में 'अलाभित समूह' एवं 'दुर्बल वर्ग' के बच्चों के मुफ्त दाखिले की प्रक्रिया का बिगुल बज गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) सचिन कुमार ने दाखिले के लिए विस्तृत समय सारिणी (Schedule) जारी कर दी है।

तीन चरणों में संपन्न होगी आवेदन प्रक्रिया
जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में कक्षा-1 या पूर्व प्राथमिक कक्षा में 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर प्रवेश के लिए तीन चरणों में ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। अभिभावक अपनी सुविधा के अनुसार निम्नलिखित तिथियों पर नजर रखें:

प्रथम चरण: आवेदन 02 फरवरी से 16 फरवरी 2026 तक। लॉटरी 18 फरवरी को निकलेगी।

द्वितीय चरण: आवेदन 21 फरवरी से 07 मार्च 2026 तक। लॉटरी 09 मार्च को निकलेगी।

तृतीय चरण: आवेदन 12 मार्च से 25 मार्च 2026 तक। लॉटरी 27 मार्च को निकाली जाएगी।

कक्षा-8 तक मिलेगी पूरी तरह मुफ्त शिक्षा
बीएसए सचिन कुमार ने स्पष्ट किया कि आरटीई की धारा 12 (1) (ग) के तहत चयनित बच्चों को संबंधित विद्यालय में कक्षा-8 तक की शिक्षा पूरी तरह निशुल्क प्रदान की जाएगी। निजी विद्यालयों के लिए इन बच्चों को प्रवेश देना बाध्यकारी होगा। इस योजना का लाभ उन परिवारों को मिलता है जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं या सामाजिक रूप से पिछड़े वर्ग से आते हैं।

यहाँ करें ऑनलाइन आवेदन
प्रवेश के इच्छुक अभिभावकों को विभागीय वेबसाइट https://rte25.upsdc.gov.in पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा। इस पोर्टल पर आवेदन की पात्रता, जरूरी दस्तावेज (जैसे आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, निवास और आयु प्रमाण पत्र) तथा अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश उपलब्ध हैं।

प्रशासन ने अपील की है कि अधिक से अधिक पात्र परिवार इस योजना का लाभ उठाएं ताकि शिक्षा की मुख्यधारा से कोई बच्चा वंचित न रह जाए।