चोरी की घटनाओं पर गिरी गाज: बलुआ थाना प्रभारी हटाए गए, जानिए चंदौली में किन-किन थानों के बदले प्रभारी

चंदौली पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए बलुआ, शहाबगंज, चकरघट्टा और नौगढ़ थानों की कमान बदल दी है। बलुआ में चोरी की घटनाओं के कारण प्रभारी को हटाया गया, वहीं कई अन्य अफसरों के भी तबादले किए गए हैं।
 

चंदौली में 4 थाना प्रभारियों के तबादले

एसपी आकाश पटेल का बड़ा प्रशासनिक एक्शन

बलुआ थाने के नए प्रभारी बने संतोष कुमार सिंह

चकरघट्टा प्रभारी संतोष कुमार को मिला नौगढ़

अपराध नियंत्रण के लिए देर रात जारी आदेश

चंदौली जिले में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के मकसद से थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बड़ा फेरबदल किया है। इस प्रशासनिक बदलाव के तहत बलुआ, शहाबगंज, चकरघट्टा और नौगढ़ थानों की कमान में बड़े स्तर पर बदलाव किया गया है। देर रात जारी हुए इस आदेश से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

बलुआ में चोरी की घटनाओं के बाद हटाए गए थाना प्रभारी
बलुआ थाना क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं और स्थानीय स्तर पर मिल रही शिकायत को बेहद गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह को पद से हटा दिया गया है। उन्हें अब शहाबगंज थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं, संतोष कुमार सिंह को बलुआ थाने की नई कमान सौंपी गई है। इसके अलावा शहाबगंज के प्रभारी रहे कृपेंद्र सिंह को पुलिस लाइन भेज दिया गया है।

नौगढ़ और चकरघट्टा थानों में भी हुआ बड़ा बदलाव
फेरबदल की इस कड़ी में चकरघट्टा थाना प्रभारी संतोष कुमार को नौगढ़ थाने की जिम्मेदारी दी गई है। दरअसल, नौगढ़ के तत्कालीन प्रभारी रहे प्रमोद कुमार का गैर जनपद स्थानांतरण हो चुका है, जिसके चलते उन्हें पुलिस लाइन भेज दिया गया है। इसके साथ ही महेश कुमार सिंह को चकरघट्टा थाने का नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।

अपराध नियंत्रण, शिकायत व सुरक्षा मजबूत करने की दिशा में कदम
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल द्वारा किए गए इस बड़े फेरबदल को जिले में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस महकमे के इस कदम से स्पष्ट संकेत दिए गए हैं कि कार्यप्रणाली में लापरवाही या ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त रुख अपनाया जाएगा, ताकि आम जनता को बेहतर सुरक्षा मिल सके।