चंदौली पुलिस ने यातायात माह में पहले ही दिन ठोका ₹3.26 लाख का जुर्माना, इन मामलों पर हुई बड़ी कार्रवाई
ओवरलोडिंग और लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस
एसपी के निर्देश पर चला विशेष चेकिंग अभियान
एक दिन में 276 वाहनों का चालान कर सड़क सुरक्षा का दिया संदेश
चंदौली जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से, चंदौली पुलिस ने यातायात माह नवंबर के पहले ही दिन एक विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाकर अपनी सख्ती दिखा दी है। इस विशेष अभियान के दौरान, यातायात पुलिस और जनपदीय थाना पुलिस टीमों ने नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 276 वाहनों का चालान किया, जिन पर 3 लाख 26 हज़ार 700 रुपये का भारी जुर्माना अधिरोपित किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अभियान
यह प्रभावी कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया और पुलिस महानिरीक्षक परिक्षेत्र वाराण वैभव कृष्ण द्वारा निर्गत आदेशों के क्रम में की गई। चंदौली पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्णमुरारी शर्मा के पर्यवेक्षण में, प्रभारी निरीक्षक यातायात सत्य प्रकाश यादव के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।
पुलिस ने बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी, ब्लैक फिल्म लगे वाहनों, और यहां तक कि वाहन पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने वाले वाहनों के खिलाफ भी सख्ती से कार्रवाई की।
यातायात नियमों के उल्लंघन का लेखा-जोखा
यह चेकिंग अभियान केवल जुर्माने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसका उद्देश्य आमजन को जागरूक करना भी था। पुलिस टीम ने प्रमुख चौराहों और तिराहों पर लगातार भ्रमणशील रहकर यातायात नियमों के पालन के लिए लोगों को जागरूक किया।
चालान का आंकड़ा-
1.बिना हेलमेट- 174
2- नो पार्किंग- 24
3- तीन सवारी बैठाने पर -13
4- सीट बेल्ट का प्रयोग न करना-9
5- गलत दिशा में वाहन चलाना- 8
6- गलत नंबर प्लेट लगाना-7
7-जाति सूचक शब्दों का प्रयोग-3
8-मदिरा पीकर वाहन चलाना- 2
9- वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग-6
10- बिना वैलिड इंश्योरेंस के वाहन चलाना-6
सड़क सुरक्षा जागरूकता पर जोर
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के मार्गदर्शन में चलाए गए इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य बढ़ती हुई सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम करना है। यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के तहत आमजन और वाहन चालकों को कई महत्वपूर्ण नियमों के प्रति जागरूक किया। ताकि दो पहिया वाहन चलाते समय "हेलमेट" और चार पहिया वाहन चलाते समय "सीट बेल्ट" का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। साथ ही साथ नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और निर्धारित मानक से अधिक सवारी न बैठाने की अपील की गई।
इसके अलावा नाबालिगों को वाहन न चलाने देने और वाहनों को ओवरलोड न करने के संबंध में भी जागरूक किया गया।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि नवंबर माह के दौरान जनपद के प्रमुख चौराहों, तिराहों और सार्वजनिक मार्गों पर यह सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सके और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।