ट्रॉमा सेंटर का 90 फीसदी पूरा हो चुका, 2025 में उद्घाटन की हो रही है तैयारी
 

चंदौली जिले के नियामताबाद विकासखण्ड के महेवा में नेशनल हाईवे के किनारे बन रहे ट्रॉमा सेंटर का निर्माण कार्य लगभग 90 फीसदी पूरा हो चुका है। भवन बनने के साथ ही रंगाई पुताई का काम भी बाहर से शुरू है।
 

 डॉ महेंद्रनाथ पांडेय की मेहनत लाएगी रंग

 महेवा गांव में नेशनल हाईवे के किनारे बन रहा है ट्रॉमा सेंटर

अब तक 90 फीसदी काम पूरा कराने का हो रहा है दावा

3 महीने बाद उद्घाटन की होगी तैयारी

 

चंदौली जिले के नियामताबाद विकासखण्ड के महेवा में नेशनल हाईवे के किनारे बन रहे ट्रॉमा सेंटर का निर्माण कार्य लगभग 90 फीसदी पूरा हो चुका है। भवन बनने के साथ ही रंगाई पुताई का काम भी बाहर से शुरू है। उम्मीद है कि नए साल में इसे चालू करने के साथ ही मरीजों को इलाज की सुविधा मिलने लगेगी। इसका संचालन नौबतपुर में संचालित मेडिकल कालेज से किया जाएगा।

आपको बता दें कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यक्रम के तहत महेवा में बन रहे ट्रामा सेंटर का दो मंजिला भवन निर्माण का काम पूरा हो चुका है। अब उसमें टाइलीकरण, खिड़की, दरवाजा आदि का कार्य बाकी रह गया है। जबकि आवासीय परिसर का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। नए साल में इसके चालू होने की उम्मीद है। 
महेवा में ट्रॉमा सेंटर के बन जाने से जिले के साथ ही पड़ोसी राज्य बिहार के अलावा पड़ोसी जनपद मिर्जापुर, सोनभद्र, गाजीपुर आदि के लोगों को भी इससे लाभ मिलेगा। इसमें कुल 20 बेड होंगे। जिनमें 10 बेड जनरल व 10 बेड आईसीयू में होगा। इसके अलावा दो मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर व एक माइनर ऑपरेशन थिएटर होगा। ट्रॉमा सेंटर के हर बेड पर मेडिकल गैस पाइपलाइन की सुविधा होगी। साथ ही इसमें सीटी स्कैन, एक्स रे व ब्लड बैंक आदि की भी सुविधा मिलेगी। बताया जा रहा है कि यहां पर हर समय इसमें चार चिकित्सा अधिकारी तैनात रहेंगे। 

लेवेल दो ट्रॉमा सेंटर में उपलब्ध सुविधाएं
लेवेल दो ट्रॉमा सेंटर में सर्जन, एनेस्थेटिक, आर्थोपेडिक सर्जन, बाल रोग विशेषज्ञ, ईएमओ सहित अन्य चिकित्सकों की नियुक्ति होती है। स्टाफ नर्स, वार्ड ब्वाय, फार्मासिस्ट सहित अन्य कर्मचारियों का स्टाफ होता है। आधुनिक उपकरण, कलर एक्सरे, डिजिटल अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन, वेंटीलेटर व आईसीयू की भी व्यवस्था होती है।

साल 2018 में शिलान्यास के बाद से है इंतजार
विकासखंड के महेवा गांव में नेशनल हाईवे के किनारे ट्रॉमा सेंटर का शिलान्यास 2018 को तत्कालीन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा व सांसद डॉ महेंद्रनाथ पांडेय ने भव्य समारोह में किया था। उस समय तीन करोड 12 लाख 95 हजार की लागत से लेवेल तीन का ट्रामा सेंटर प्रस्तावित था। इसका संचालन बीएचयू से होना था, लेकिन बाद में संसाधन और सुविधाओं को लेकर बीएचयू ने हाथ खींच लिए और काम रुक गया। लेकिन बाद में सांसद डॉ महेन्द्रनाथ पांडेय की पहल पर इसे लेवेल दो के रूप में उच्चीकृत किया गया। तभी मेडिकल कालेज की जिले में स्वीकृति मिल गई। इसकी धनराशि बढ़ाकर 16 करोड़ 39 लाख कर अवमुक्त कर दी गई। जिसके उच्चीकरण का शुभारंभ डॉ महेंद्रनाथ पांडेय ने बीते 28 अगस्त 2023 को किया था।