विधान परिषद की नियम पुनरीक्षण समिति की मीटिंग, चंदौली जिले की प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समीक्षा

विधान परिषद की नियम पुनरीक्षण समिति की बैठक सर्किट हाउस में हुई। समिति ने चंदौली की प्रशासनिक टीम की प्रशंसा की और निर्देश दिया कि टीबी मुक्त अभियान में द्वितीय रैंक प्राप्त जिले में जनता को त्वरित और सुगम सेवाएं प्रदान की जाएं।
 
विधान परिषद नियम पुनरीक्षण समिति बैठक चंदौली

 टीबी मुक्त अभियान में चंदौली की द्वितीय रैंक

जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को प्राथमिकता

विधान परिषद की नियम पुनरीक्षण समिति की उच्चस्तरीय बैठक बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में समिति के कार्यवाहक सभापति हरिओम पांडेय की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। सभापति हरिओम पांडेय ने बैठक का मुख्य उद्देश्य स्पष्ट करते हुए बताया कि समिति का कार्य विधान परिषद की कार्यप्रणाली से जुड़े नियमों, विनियमों और उपनियमों के संशोधन, अद्यतन और सरलीकरण पर विचार करना है। उन्होंने जोर दिया कि पारदर्शिता, प्रभावशीलता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रक्रियाओं का समय-समय पर पुनरीक्षण अत्यंत आवश्यक है। समिति द्वारा प्राप्त सुझावों और अनुशंसाओं को आगामी सत्र में परिषद के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

समिति के अध्यक्ष का स्वागत करते जिलाधिकारी चंदौली

चंदौली की प्रशासनिक और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा
बैठक में समिति द्वारा चंदौली जिले के विभिन्न विभागों की विस्तृत समीक्षा की गई।

  • गृह विभाग: अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) चंदौली द्वारा बताया गया कि पिछले पांच वर्षों में कोई कस्टोडियल डेथ नहीं हुई है, जो जिले की पुलिस कार्यप्रणाली की गंभीरता को दर्शाता है।
  • स्वास्थ्य विभाग (TB और संचारी रोग): मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) द्वारा टीबी मुक्त अभियान में पूरे प्रदेश में चंदौली की द्वितीय रैंक होने और संचारी रोग में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान होने की जानकारी दी गई।
  • पोषण और स्वास्थ्य: अतिकुपोषित बच्चों के संदर्भ में भी जिले को एनआरसी (NRC) में पूरे प्रदेश में द्वितीय रैंक मिली है।
  • डायलिसिस सुविधा: डायलिसिस में 10 बेड संचालित हैं जो तीन शिफ्ट में 24 घंटे कार्यरत हैं।
  • बेसिक शिक्षा: बेसिक शिक्षा विभाग में विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाध्यापकों की शिकायत पर उनकी कार्यप्रणाली सुधारने हेतु निर्देश दिए गए।
  • सफाई व्यवस्था: सदस्य धर्मेंद्र सिंह द्वारा डीपीआरओ को गांवों में सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाकर गंभीरता से साफ सफाई देखने तथा अनावश्यक जलजमाव रोकने हेतु निर्देशित किया गया।
  • जनप्रतिनिधियों से समन्वय और त्वरित सेवा पर जोर
समिति की मीटिंग के दौरान जिलाधिकारी चंदौली व अन्य अधिकारी

बैठक में पुलिस, राजस्व, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, आबकारी, वन, पशुपालन, मत्स्य आदि विभागों द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदनों की जिलेवार समीक्षा की गई। समिति ने अधिकारियों को जनता तक त्वरित और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने, सकारात्मक भाव से कार्य करने तथा सभी विभागों में पारदर्शिता बढ़ाने के निर्देश दिए।

समिति ने विशेष निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों को प्राथमिकता पर लिया जाए तथा कार्यों के क्रियान्वयन में जनप्रतिनिधियों से समन्वय सुनिश्चित किया जाए। समिति ने अपेक्षा जताई कि निर्देशों के अनुपालन से आने वाले समय में जनता को ठोस और सकारात्मक परिणाम मिलेंगे।

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने समिति के निर्देशों को अनुपालन कराने हेतु अवगत कराया, जिसके बाद सभापति द्वारा जिलाधिकारी चंदौली तथा पूरी प्रशासनिक टीम की प्रशंसा भी की गयी। बैठक में समिति के सदस्य आशुतोष सिन्हा, हंसराज विश्वकर्मा, राय धर्मेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आर जगत सांई समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।