किन्नर के घर बमकांड के आरोपी का असलहा लहराते वीडियो वायरल, विकास सिंह पर एक और केस दर्ज

चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र में खुशबू किन्नर के घर बम ब्लास्ट के मुख्य आरोपी विकास सिंह का असलहा लहराते हुए वीडियो वायरल हुआ है। वारदात के बाद फरार चल रहे विकास की मुश्किलें अब और बढ़ गई हैं, क्योंकि पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए नया मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 

खुशबू किन्नर के घर बम हमले का आरोपी है विकास सिंह

बर्थडे पार्टी में अवैध असलहे के साथ गाने पर डांस का वीडियो वायरल

बलुआ थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एक और मुकदमा किया दर्ज

सकलडीहा सीओ स्नेहा तिवारी ने दिए सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश

फरार आरोपी विकास सिंह पर हो सकती है कार्रवाई

 चंदौली जिले में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका प्रमाण बलुआ थाना क्षेत्र के सराय गांव निवासी विकास सिंह के वायरल वीडियो से मिलता है। विकास सिंह, जो पहले से ही मोहनगंज की खुशबू किन्नर के घर पर हुए बम हमले का नामजद आरोपी है, अब सोशल मीडिया पर खुलेआम असलहा लहराते हुए नजर आ रहा है। इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए चंदौली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई तेज कर दी है।

बर्थडे पार्टी में लहराया असलहा
वायरल वीडियो किसी बर्थडे पार्टी का बताया जा रहा है, जिसमें विकास सिंह हाथ में अवैध असलहा लेकर फिल्मी गानों पर थिरक रहा है। वीडियो वायरल होते ही जिला प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एक तरफ जहाँ विकास बम कांड जैसी गंभीर वारदात के बाद फरार चल रहा है, वहीं दूसरी ओर उसका ऐसा वीडियो सामने आना पुलिस की कार्यप्रणाली को चुनौती दे रहा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शस्त्र अधिनियम के तहत नया मामला दर्ज कर लिया है।

खौफनाक था खुशबू किन्नर के घर हुआ हमला
बता दें कि मामला बलुआ थाना क्षेत्र के मोहनगंज का है, जहाँ खुशबू किन्नर अपने दर्जन भर साथियों के साथ रहती हैं। बीते रविवार की रात बदमाशों ने उनके घर के पिछले हिस्से को निशाना बनाकर शक्तिशाली बम से हमला किया था। इस धमाके में दीवार क्षतिग्रस्त हो गई थी, लेकिन गनीमत रही कि सो रहे 15 किन्नर बाल-बाल बच गए। खुशबू किन्नर की तहरीर पर विकास सिंह सहित अन्य लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा पहले ही दर्ज है।

पुलिस की सख्त चेतावनी और एनएसए की तैयारी
क्षेत्राधिकारी (CO) सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने बताया कि वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लिया गया है। उन्होंने कहा, "आरोपी विकास सिंह के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। बम कांड में शामिल होने के साथ-साथ अब असलहा लहराने के जुर्म में भी उसे सजा मिलेगी।"

 पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और पकड़े जाने पर विकास सिंह पर एनएसए (NSA) जैसी गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई करने पर भी विचार किया जा रहा है।