विन्ध्य एक्सप्रेस-वे की खिलाफत करने वालों को नोटिस,  धारा 168 का नोटिस भेज कर दबाव बनाने की पहल तेज

 

विन्ध्य एक्सप्रेस-वे के तहत 120 मीटर चौड़ी सड़क के लिए जमीन अधिग्रहण का विरोध तेज हो गया है। किसान नेताओं का आरोप है कि प्रशासन जबरदस्ती दबाव बना रहा है। विरोध दबाने के लिए पुलिस किसान नेताओं को धारा 168 की नोटिस थमा रही है।

 
 

विन्ध्य एक्सप्रेसवे जमीन अधिग्रहण का बढ़ा विरोध

बलुआ पुलिस ने किसान नेता को भेजा नोटिस

बिना अनुमति सभा और जुलूस पर रोक

किसानों की जमीन बचाने को व्यापक संघर्ष योजना

कॉर्पोरेट परस्त नीतियों के खिलाफ एकजुट हुए किसान

चंदौली जिले में प्रस्तावित विन्ध्य एक्सप्रेस-वे परियोजना के तहत 120 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण होना है। इसके लिए बड़े पैमाने पर किसानों की उपजाऊ जमीन अधिग्रहित की जा रही है। किसान अपनी जमीन देने को तैयार नहीं हैं, लेकिन आरोप है कि प्रशासन जबरदस्ती दबाव बनाकर जमीन छीनना चाहता है।

किसान नेता श्रवण मौर्य को पुलिस की नोटिस
इस जबरन अधिग्रहण के खिलाफ आवाज उठा रहे नेताओं पर प्रशासन नकेल कसने में जुटा है। बलुआ थाना पुलिस ने अखिल भारतीय किसान महासभा के जिलाध्यक्ष कामरेड श्रवण मौर्य को 'भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023' की धारा 168 के तहत नोटिस जारी किया है। पुलिस का कहना है कि गांवों में माइक से प्रचार कर भीड़ जुटाने से शांति-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

बिना अनुमति कार्यक्रम करने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी
नोटिस में निर्देश दिया गया है कि बिना सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के कोई भी सभा, जुलूस या सामूहिक कार्यक्रम न आयोजित करें। किसी भी स्थिति में शांति भंग होने या कानून व्यवस्था प्रभावित होने पर वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कॉर्पोरेट नीतियों के खिलाफ व्यापक आंदोलन की तैयारी
किसान नेताओं का कहना है कि यह सरकार की कॉर्पोरेट परस्त नीतियों का नतीजा है, जहाँ किसानों के हितों को अनदेखा किया जा रहा है। प्रशासनिक नोटिसों और दबाव के बावजूद किसान अपने हक और जमीन की रक्षा के लिए पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। इसके खिलाफ अब आर-पार के व्यापक संघर्ष की रूपरेखा तैयार की जा रही है।