चंदौली जिले में  22 साल बाद फिर शुरू हुआ विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान, त्रुटि रहित वोटर लिस्ट बनाने की तैयारी
 

जिला निर्वाचन अधिकारी ने एक महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि मतदाता सूची शुद्धिकरण के दौरान मतदान केंद्रों का सत्यापन और विभाजन भी किया जाएगा।
 

मतदाता सूची शुद्धिकरण का महाअभियान

चंदौली में 22 वर्ष बाद 'SIR' का दूसरा चरण शुरू

BLO 4 नवंबर से घर-घर जाकर करेंगे गणना

डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने राजनीतिक दलों से मांगा सहयोग

7 फरवरी 2026 को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर, चंदौली जिले में लगभग 22 वर्ष बाद विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) का द्वितीय चरण शुरू होने जा रहा है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटि रहित और पारदर्शी बनाना है।

इस महत्वपूर्ण अभियान की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।

घर-घर जाकर होगा सत्यापन

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने राजनीतिक दलों को अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) और हर मतदान केंद्र पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) की तैनाती कर दी गई है।

अभियान का विस्तृत कार्यक्रम इस प्रकार है:

  • तैयारी और प्रशिक्षण: 28 अक्टूबर 2025 से 3 नवंबर 2025 तक अधिकारियों और कर्मचारियों का प्रशिक्षण तथा प्रपत्रों का मुद्रण कार्य होगा।
  • घर-घर गणना: 4 नवंबर 2025 से 4 दिसंबर 2025 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण करेंगे और उन्हें भरवाकर वापस लेंगे।
  • आलेख्य प्रकाशन: मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 9 दिसंबर 2025 को किया जाएगा।
  • दावे और आपत्तियाँ: दावे और आपत्तियाँ 9 दिसंबर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक प्राप्त की जाएंगी, जिनका निस्तारण 31 जनवरी 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।
  • अंतिम प्रकाशन: अंतिम मतदाता सूची 7 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

मतदान केंद्रों का होगा सत्यापन

जिला निर्वाचन अधिकारी ने एक महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि मतदाता सूची शुद्धिकरण के दौरान मतदान केंद्रों का सत्यापन और विभाजन भी किया जाएगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी मतदेय स्थल पर मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक न हो।

राजनैतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपील

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सभी राजनीतिक दलों से इस विशेष अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (BLA) से भी सहयोग की अपेक्षा की।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार ने सभी राजनीतिक दलों से अपील करते हुए कहा कि वे त्रुटि रहित वोटर लिस्ट बनवाने में सहयोग प्रदान करें। उन्होंने सुझाव या शिकायत होने पर उसे पत्र के माध्यम से अवगत कराने का अनुरोध किया।