दिव्यांग बच्चों के लिए चंदौली में खुलेगा बचपन डे केयर सेंटर

सेंटर में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेलकूद, मनोरंजन और बचपन पार्क की भी व्यवस्था होगी। बच्चों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और बाधारहित शौचालय भी बनाए जाएंगे।
 

चंदौली में दिव्यांग बच्चों के लिए नई पहल

बचपन डे केयर सेंटर का भवन सर्वे जारी

तीन से सात वर्ष तक के बच्चे होंगें लाभान्वित

बच्चों को फिजियोथेरेपी और स्पीच थेरेपी सुविधा

चंदौली जिले में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से जल्द ही जिला मुख्यालय पर बचपन डे केयर सेंटर की स्थापना की जाएगी। इसके लिए भवन का सर्वे कार्य जारी है। इस सेंटर का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को आवश्यक प्रशिक्षण, स्वास्थ्य सुविधाएं, शिक्षा और मनोरंजन के साधन उपलब्ध कराना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।

तीन से सात वर्ष तक के बच्चे होंगे शामिल

सेंटर में श्रवण, बौद्धिक और दृष्टि दिव्यांग बच्चे, जिनकी उम्र तीन से सात वर्ष के बीच होगी, प्रवेश ले सकेंगे। प्रवेश के लिए दिव्यांगता प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड, आधार कार्ड और दो पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य होंगे।

मिलेगी स्वास्थ्य व शिक्षा से जुड़ी सुविधाएं

सेंटर में बच्चों को फिजियोथेरेपी, स्पीच थेरेपी, आडियोमेट्री, आईक्यू टेस्ट और विजन टेस्ट जैसी स्वास्थ्य सेवाएं दी जाएंगी। इसके अलावा शिक्षण सामग्री, सहायक उपकरण, संगीत प्रशिक्षण और शैक्षणिक गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

आवागमन व भोजन की सुविधा

बच्चों के आवागमन के लिए पांच वाहनों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, मध्यान्ह भोजन के साथ ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन ड्रेस भी बच्चों को उपलब्ध कराई जाएंगी।

खेलकूद और मनोरंजन पर जोर

सेंटर में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेलकूद, मनोरंजन और बचपन पार्क की भी व्यवस्था होगी। बच्चों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और बाधारहित शौचालय भी बनाए जाएंगे।

दिव्यांग बच्चों को मिलेगा नया मंच

जिला दिव्यांगजन अधिकारी राजेश नायक ने बताया कि सरकार दिव्यांग बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। जल्द ही बचपन डे केयर सेंटर की स्थापना कराई जाएगी, ताकि दिव्यांग बच्चों को सुविधाओं का लाभ मिल सके और वे अपनी प्रतिभा को निखार सकें।